बीएसपी की प्रतिष्ठित अंतर विभागीय संगीत स्पर्धा का शुभारंभ, पहले दिन 90 प्रतिभागियों ने दी प्रस्तुति

सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के क्रीड़ा, सांस्कृतिक एवं नागरिक सुविधाएं विभाग द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित की जाने वाली अंतर विभागीय संगीत स्पर्धा का शुभारंभ 09 जून 2026 को महात्मा गांधी कला मंदिर में हुआ। संयंत्र के अधिकारियों एवं कर्मचारियों में संगीत प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रतियोगिता में विभिन्न विभागों के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
उद्घाटन समारोह में निर्णायक मंडल के सदस्य रविश कालगांवकर, सपन भट्टाचार्य एवं श्रीमती अंजलि शुक्ला उपस्थित रही। प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर उप प्रबंधक (क्रीड़ा, सांस्कृतिक एवं नागरिक सुविधाएं) अभिजीत भौमिक द्वारा निर्णायकों का स्वागत एवं सम्मान किया गया।
प्रतियोगिता के प्रथम दिवस पुरुष वर्ग की हिंदी गायन स्पर्धा आयोजित की गई, जिसमें संयंत्र के विभिन्न विभागों से लगभग 90 प्रतिभागियों ने अपनी गायन प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन निर्णायक मंडल द्वारा निर्धारित मानकों के आधार पर किया गया, जिसके उपरांत अंतिम चरण के लिए 15 प्रतिभागियों का चयन किया गया। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों ने विविध शैली के गीतों की प्रस्तुति देकर अपनी संगीत प्रतिभा का परिचय दिया।
कार्यक्रम का संचालन सरजीत चक्रवर्ती एवं सुप्रियो सेन द्वारा किया गया। प्रतियोगिता में संगतकार के तौर पर दिलीप शर्मा, दीपांकर दास, भालचंद्र शेगेकर, भागवत साहू, देवव्रत मजुमदार, सतीश सिन्हा, रविन्द्र कर्मकार, भारत भूषण परगनिया तथा साईं चक्रवर्ती ने सहयोग प्रदान किया।
प्रतियोगिता का सफल संचालन में पी. टी. उल्लास कुमार, दुष्यंत हरमुख सहित प्रतियोगिता के मुख्य समन्वयक प्रभंजय चतुर्वेदी का अहम योगदान रहा। उल्लेखनीय है कि अंतर विभागीय संगीत स्पर्धा के विभिन्न वर्गों के अंतिम चरण की प्रतियोगिताएं 13 जून 2026 को अपराह्न 3:00 बजे से आयोजित की जाएंगी। इसके उपरांत विजेताओं को सम्मानित करने हेतु पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया जाएगा।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




