विश्व पर्यावरण दिवस पर परियोजना विभाग द्वारा वृक्षारोपण अभियान का आयोजन…

भिलाई/ विश्व पर्यावरण दिवस-2026 के अवसर पर सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के परियोजना विभाग द्वारा पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास तथा पारिस्थितिक संतुलन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान के तहत संयंत्र परिसर एवं परियोजना क्षेत्रों में पौधारोपण कर हरित आवरण को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।
वृक्षारोपण अभियान का आयोजन एक साथ दो प्रमुख स्थलों पर किया गया। पहला अभियान एक्सपेंशन बिल्डिंग परिसर में तथा दूसरा संयंत्र के परिचालन क्षेत्रों के समीप संचालित किया गया। इस पहल का उद्देश्य परिसर के सौंदर्यीकरण के साथ-साथ घने हरित क्षेत्र विकसित करना, प्राकृतिक हरित अवरोध (ग्रीन बफर) तैयार करना तथा परियोजना परिसरों के आसपास पर्यावरणीय परिस्थितियों को और बेहतर बनाना था।

कार्यक्रम का नेतृत्व मुख्य महाप्रबंधक (परियोजनाएं-कमर्शियल) अनुराग उपाध्याय, मुख्य महाप्रबंधक (परियोजनाएं) मानस कुमार गुप्ता, महाप्रबंधक (परियोजनाएं) सुश्री राधिका श्रीनिवासन, महाप्रबंधक (परियोजनाएं) टी. डी. वेंकटरमन, महाप्रबंधक (परियोजनाएं) जेवियर बेक तथा महाप्रबंधक (परियोजनाएं) हरप्रीत सिंह ने किया।
इस अवसर पर परियोजना विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे तथा वृक्षारोपण अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाई। इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस विशेष तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सतत विकास एवं भावी पीढ़ियों के लिए सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करने की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने सभी कर्मियों से अधिकाधिक वृक्षारोपण करने तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण हेतु भी समान रूप से प्रतिबद्ध रहने का आह्वान किया। परियोजना विभाग द्वारा लगाए गए पौधों के स्वस्थ विकास एवं दीर्घकालिक संरक्षण को सुनिश्चित करने के लिए विशेष रखरखाव एवं जल प्रबंधन व्यवस्था भी विकसित की गई है। विभाग की यह पहल पर्यावरणीय उत्तरदायित्व, हरित विकास तथा सतत औद्योगिक प्रगति के प्रति भिलाई इस्पात संयंत्र की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




