
तेलीबांधा गुरुद्वारा में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए सांसद
रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने तेलीबांधा गुरुद्वारा के समक्ष सिख पंथ के पंचम गुरु श्री गुरु अर्जन देव जी के 420वें शहीदी वर्ष के अवसर पर आयोजित चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने गुरु अर्जन देव जी के बलिदान, त्याग और मानवता के लिए दिए गए संदेश को श्रद्धापूर्वक स्मरण करते हुए उन्हें नमन किया।
चित्र प्रदर्शनी के माध्यम से दिखाई गई गुरु जी की जीवन गाथा
कार्यक्रम में लगाई गई चित्र प्रदर्शनी में गुरु अर्जन देव जी के जीवन, उनके आध्यात्मिक योगदान, समाज सुधार के कार्यों और शहादत से जुड़ी महत्वपूर्ण झलकियों को प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए सांसद ने आयोजकों के प्रयासों की सराहना की।
छबील सेवा में भी लिया हिस्सा
इस अवसर पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने श्रद्धालुओं को शीतल पेय वितरित कर छबील सेवा में भी सहभागिता की। उन्होंने कहा कि गुरु अर्जन देव जी का जीवन मानवता, सेवा, सहिष्णुता और त्याग का अद्वितीय उदाहरण है, जो आज भी समाज को प्रेरित करता है।
गुरु अर्जन देव जी का बलिदान मानवता के लिए प्रेरणा
सांसद ने कहा कि गुरु अर्जन देव जी की शहादत धार्मिक स्वतंत्रता, सत्य और मानव मूल्यों की रक्षा के लिए दिए गए सर्वोच्च बलिदानों में से एक है। उनके आदर्शों को अपनाकर समाज में प्रेम, भाईचारा और सेवा की भावना को मजबूत किया जा सकता है।
बड़ी संख्या में श्रद्धालु रहे मौजूद
कार्यक्रम में गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के पदाधिकारी, सिख समाज के सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने गुरु अर्जन देव जी को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




