सड़क सुरक्षा प्रयासों का सकारात्मक परिणाम – वर्ष 2026 में जनवरी से अप्रैल तक सड़क दुर्घटनाओं में 44 मौतों की कमी दर्ज…

दुर्ग/ संक्षिप्त विवरण :
यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से वर्ष 2026 के दौरान विशेष अभियान चलाया गया है। इसके अंतर्गत बिना हेलमेट, बिना सीटबेल्ट एवं शराब सेवन कर वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध निरंतर कार्यवाही की गई है। साथ ही, जिले के प्रमुख चौकों को चिन्हांकित कर “सुरक्षा चौक” के रूप में विकसित किया गया है, जहां नियमित चेकिंग एवं जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
जनवरी से अप्रैल 2026 की अवधि में कुल 26803 वाहन चालकों पर बिना हेलमेट की कार्यवाही की गई, जो पिछले वर्षों की तुलना में उल्लेखनीय वृद्धि है। इसी अवधि में शराब सेवन कर वाहन चलाने वाले 1087 चालकों के विरुद्ध कार्यवाही की गई, जो वर्ष 2025 की तुलना में लगभग 298 प्रतिशत अधिक है।
सड़क सुरक्षा समिति की नियमित बैठक के माध्यम से सड़कों की इंजीनियरिंग सुधार, ब्लैक स्पॉट एवं ग्रे स्पॉट पर आवश्यक सुधार कार्य भी कराए जा रहे हैं। साथ ही, 330 जन-जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लगभग 96660 नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया है। मासवार तुलना में वर्ष 2025 की अपेक्षा वर्ष 2026 में सड़क दुर्घटनाओं में मृतकों की संख्या में निरंतर कमी दर्ज की गई है, जिससे कुल 44 व्यक्तियों की मृत्यु में कमी आई है।
सराहनीय भूमिका :
उक्त कार्यवाही में यातायात पुलिस दुर्ग के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी, संबंधित थाना स्टॉफ एवं पेट्रोलिंग टीमों की सक्रिय एवं सतत भूमिका रही है, जिनके द्वारा संयुक्त रूप से प्रभावी कार्यवाही एवं जन-जागरूकता अभियान संचालित किए गए।
दुर्ग पुलिस की अपील :
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि वाहन चलाते समय हेलमेट एवं सीटबेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा शराब सेवन कर वाहन न चलाएं। यातायात नियमों का पालन कर स्वयं एवं अन्य नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करें। नियमों का उल्लंघन करने पर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




