नमस्ते योजना के तहत सफाई कर्मियों और कचरा बीनने वालों का होगा पंजीयन, मिलेगा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ…
निगम क्षेत्र के 802 कर्मकार अभी भी अपंजीकृत, 30 नवंबर से नगर निगम मुख्यालय में शुरू होगी पंजीयन प्रक्रिया

भिलाई। सफाई कर्मकारों और कचरा बीनने वाले श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ शासन द्वारा नमस्ते योजना के अंतर्गत पंजीयन की प्रक्रिया शुरू की गई है। इसके तहत नगरीय निकायों में कार्यरत सीवर एवं सैप्टिक टैंक कर्मकारों तथा वेस्ट पिकर्स (कचरा बीनने वाले कर्मकारों) का पंजीयन छत्तीसगढ़ असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल में कराया जाएगा। इस संबंध में दुर्ग कलेक्टर द्वारा आवश्यक आदेश जारी किया गया है।
1532 कर्मकारों में से 802 का पंजीयन बाकी
प्राप्त जानकारी के अनुसार श्रम विभागीय डाटाबेस में मोबाइल नंबरों का मिलान करने पर कुल 1532 कर्मकारों की जानकारी सामने आई है। इनमें से 730 कर्मकार पहले से ही छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल तथा छत्तीसगढ़ असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल के अंतर्गत पंजीकृत पाए गए हैं।
वहीं शेष 802 कर्मकार वर्तमान में अपंजीकृत हैं। इन सभी कर्मकारों का पंजीयन कराने के लिए नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है, ताकि पात्र हितग्राहियों को शासन की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ा जा सके।
पंजीयन के लिए इन दस्तावेजों की होगी जरूरत
नगर निगम प्रशासन ने क्षेत्र में कार्यरत सभी सफाई कर्मकारों एवं कचरा बीनने वाले कर्मकारों से योजना के तहत अपना पंजीयन कराने की अपील की है। पंजीयन के लिए निम्न दस्तावेज उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा।
- कर्मकार का आधार कार्ड।
- परिवार के सदस्यों के आधार कार्ड।
- बैंक पासबुक।
- स्वघोषणा प्रमाण पत्र।
- मोबाइल नंबर।
30 नवंबर से नगर निगम मुख्यालय में होगा पंजीयन
इच्छुक कर्मकार 30 नवंबर 2026 से नगर पालिक निगम भिलाई के मुख्य कार्यालय में पहुंचकर अपना पंजीयन करा सकते हैं। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग के सामने विशेष पंजीयन काउंटर बनाया गया है। कर्मकारों को आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित स्थल पर उपस्थित होना होगा।
पात्र कर्मकारों को योजनाओं से जोड़ना निगम का लक्ष्य
निगम प्रशासन का उद्देश्य है कि नमस्ते योजना के तहत कोई भी पात्र सफाई कर्मकार या कचरा बीनने वाला श्रमिक पंजीयन से वंचित न रहे। पंजीयन के माध्यम से कर्मकारों को छत्तीसगढ़ असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल के अंतर्गत संचालित सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ मिल सकेगा। निगम प्रशासन ने सभी पात्र कर्मकारों से समय पर पंजीयन कराने की अपील की है।
इन खबरों का लाभ लेने के लिए अपने परिचितों को फॉरवर्ड करना ना भूलें।




