छत्तीसगढ़ के स्मार्ट मीटर मॉडल की देशभर में सराहना, मोर बिजली एप बना दूसरे राज्यों के लिए मिसाल…
दुर्ग में राष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल ने जाना स्मार्ट मीटर का क्रियान्वयन, दुर्ग संभाग में 7.21 लाख से अधिक उपभोक्ताओं के घरों में लगे स्मार्ट मीटर

दुर्ग। छत्तीसगढ़ में स्मार्ट मीटर के प्रभावी क्रियान्वयन और डिजिटल बिजली सेवाओं को देशभर की विद्युत वितरण कंपनियों से सराहना मिल रही है। राज्य में स्मार्ट मीटर व्यवस्था और उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराई जा रही डिजिटल सुविधाओं की जानकारी लेने के लिए देशभर की विद्युत वितरण कंपनियों का राष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल दो दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ पहुंचा। इस दौरान प्रतिनिधियों ने स्मार्ट मीटर के क्रियान्वयन के साथ मोर बिजली एप और प्रकाश एप की कार्यप्रणाली को समझा तथा इसे अन्य राज्यों के लिए भी उपयोगी मॉडल बताया।

दुर्ग संभाग में 86 प्रतिशत घरों में लगे स्मार्ट मीटर
नॉलेज शेयरिंग एवं फील्ड विजिट कार्यक्रम के पहले दिन रायपुर के डंगनिया स्थित मुख्यालय सेवा भवन में कार्यक्रम आयोजित किया गया। वहीं दूसरे दिन 27 नवंबर को दुर्ग जिले के अंजोरा स्थित होटल अर्थ में विशेष कार्यशाला हुई।
कार्यशाला में जीनस कंपनी के चीफ प्रोजेक्ट मैनेजर बी.जी. दास ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से स्मार्ट मीटर स्थापना की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दुर्ग रीजन के अंतर्गत दुर्ग, बालोद और बेमेतरा जिलों में अब तक 7 लाख 21 हजार 417 उपभोक्ताओं के घरों में स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। यह कुल उपभोक्ताओं का लगभग 86 प्रतिशत है। शेष घरों में मार्च 2027 तक स्मार्ट मीटर लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
मोर बिजली एप से उपभोक्ता कर सकेंगे बिजली बिल का पूर्वानुमान
दुर्ग क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक शिरीष सेलट ने बताया कि मोर बिजली एप में उपलब्ध खपत पूर्वानुमान फीचर उपभोक्ताओं के लिए काफी उपयोगी है। इसके माध्यम से उपभोक्ता अपनी बिजली खपत के आधार पर आगामी बिजली बिल का अनुमान लगा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि प्रकाश एप अधिकारियों और फील्ड अमले के लिए भी उपयोगी साबित हो रहा है। इन डिजिटल सुविधाओं से बिजली खपत की निगरानी, विश्लेषण और कार्यों के प्रबंधन में सहायता मिल रही है।
दूसरे राज्यों के प्रतिनिधियों ने की सराहना
ऑल इंडिया डिस्कॉम्स एसोसिएशन के माध्यम से पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में वेस्ट डिस्कॉम इंदौर की जूनियर इंजीनियर शालू मोदी, साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के सीनियर मैनेजर सुमित कुमार, बीसीईएस राजधानी पावर लिमिटेड दिल्ली की अनुराधा सिंह तथा तेलंगाना के अधीक्षण अभियंता सहित अन्य प्रतिनिधि शामिल रहे।
प्रतिनिधियों ने मोर बिजली एप की सुविधाओं की सराहना करते हुए कहा कि इसमें उपलब्ध रियल-टाइम अपडेट, ग्राफ आधारित विश्लेषण और तुलनात्मक आंकड़े उपभोक्ताओं को अपनी बिजली खपत समझने और बेहतर प्रबंधन करने में सक्षम बनाते हैं। स्मार्ट मीटर के साथ इन डिजिटल सुविधाओं का उपयोग अन्य राज्यों की विद्युत वितरण कंपनियों के लिए भी अनुकरणीय हो सकता है।
प्रतिनिधियों ने कहा कि छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी द्वारा विकसित मोर बिजली एप एवं प्रकाश एप की जानकारी दूसरे राज्यों की विद्युत वितरण कंपनियों के साथ भी साझा की जाएगी, ताकि वे इन सुविधाओं से सीख लेकर अपने यहां भी उपयोगी डिजिटल व्यवस्थाएं विकसित कर सकें।
अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ कार्यशाला का समापन
कार्यक्रम के दौरान कार्यपालक निदेशक शिरीष सेलट ने राष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल के सभी सदस्यों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर मुख्य अभियंता ए.के. लखेरा, एच.के. मेश्राम, अधीक्षण अभियंता जे. जगन्नाथ प्रसाद एवं मुरारी श्री हरि, कार्यपालन अभियंता शशांक श्रीवास्तव एवं आर.के. दानी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
इन खबरों का लाभ लेने के लिए अपने परिचितों को फॉरवर्ड करना ना भूलें।




