खेलो इंडिया के लिए छत्तीसगढ़ की जूनियर बालिका खो-खो टीम चयनित, भिलाई में हुआ ट्रायल
बीएसपी खो-खो क्लब सेक्टर-4 में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, 15 मुख्य और 5 स्टैंडबाय खिलाड़ियों का चयन

भिलाई। खेलो इंडिया प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने वाली जूनियर बालिका खो-खो टीम के चयन के लिए भिलाई में राज्य स्तरीय ट्रायल प्रतियोगिता आयोजित की गई। सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के बीएसपी खो-खो क्लब, सेक्टर-4 में आयोजित इस चयन प्रक्रिया में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंची खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन किया। ट्रायल के बाद राज्य टीम के लिए 15 मुख्य खिलाड़ियों तथा 5 स्टैंडबाय खिलाड़ियों का चयन किया गया।
यह आयोजन संचालनालय खेल एवं युवा कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़ शासन तथा छत्तीसगढ़ एमेच्योर खो-खो संघ के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। चयनित टीम 11 से 22 दिसंबर 2026 तक हैदराबाद, तेलंगाना में प्रस्तावित खेलो इंडिया प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेगी।
18 वर्ष से कम आयु की खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
चयन ट्रायल में जूनियर बालिका वर्ग की 18 वर्ष से कम आयु की ऐसी खिलाड़ी पात्र थीं, जिनका जन्म 1 जनवरी 2009 के बाद हुआ है। उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ की बालिका खो-खो टीम इस प्रतियोगिता के लिए पहले ही क्वालीफाई कर चुकी है। चयन प्रक्रिया के बाद टीम के लिए 15 मुख्य एवं 5 स्टैंडबाय खिलाड़ियों का चयन किया गया।
चयन समिति में खेल एवं युवा कल्याण विभाग, जिला रायपुर, राज्य खेल संघ और लोक शिक्षण संचालनालय के एक-एक प्रतिनिधि के साथ प्रशिक्षक भुवनेश्वर साहू शामिल थे।
खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना जरूरी : विशाल शुक्ला
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सेल-एसआरयू के मुख्य महाप्रबंधक विशाल शुक्ला थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ एमेच्योर खो-खो संघ के अध्यक्ष कमलजीत अरोरा ने की। महाप्रबंधक (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) संजय कुमार तथा उप महाप्रबंधक (क्रीडा, सांस्कृतिक एवं नागरिक सुविधाएं) राजेंद्र प्रसाद विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। संघ के सचिव तरुण शुक्ला भी विशेष रूप से शामिल हुए।

इस अवसर पर बीएसपी खो-खो क्लब के अध्यक्ष एवं महाप्रबंधक संजय कुमार ने वर्ष 2010 में इसी मैदान पर आयोजित राष्ट्रीय स्तर की खो-खो प्रतियोगिता को याद किया। उन्होंने वर्ष 2025 में भारत में आयोजित प्रथम खो-खो विश्व कप की सफलता का उल्लेख करते हुए कहा कि खो-खो खेल को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिल रही है।
छत्तीसगढ़ में खो-खो लीग आयोजित करने की योजना
छत्तीसगढ़ एमेच्योर खो-खो संघ के अध्यक्ष कमलजीत अरोरा ने आगामी वर्ष छत्तीसगढ़ में खो-खो लीग गेम्स आयोजित करने की योजना की जानकारी दी।
मुख्य अतिथि विशाल शुक्ला ने सुझाव दिया कि बीएसपी खो-खो क्लब और छत्तीसगढ़ एमेच्योर खो-खो संघ आपसी समन्वय से दिसंबर माह में भिलाई में राष्ट्रीय स्तर की खो-खो प्रतियोगिता आयोजित करने की पहल कर सकते हैं। उनके इस सुझाव से भिलाई में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता आयोजित करने की संभावनाओं पर सकारात्मक चर्चा आगे बढ़ी।
खेल जगत से जुड़े पदाधिकारी और प्रशिक्षक रहे उपस्थित
कार्यक्रम में बीएसपी खो-खो क्लब, भिलाई के सचिव देवेंद्र कुमार सिंह, उपाध्यक्ष रघुनाथ प्रसाद गुप्ता, एडवेंचर खो-खो क्लब झीट के अध्यक्ष पवन ठाकुर, सुनील शर्मा, अंतरराष्ट्रीय ऑफिशियल फिरोज रहमान, बीएसपी खो-खो क्लब के प्रशिक्षक जफर सिद्दीकी, सचिन डोंगरे, कुलेश्वर जोशी एवं संदीप रात्रे सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
इस चयन ट्रायल से प्रदेश की बालिका खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। साथ ही भिलाई की गौरवशाली खो-खो परंपरा को आगे बढ़ाने और इस खेल को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रोत्साहित करने की दिशा में भी यह आयोजन महत्वपूर्ण साबित होगा।
इन खबरों का लाभ लेने के लिए अपने परिचितों को फॉरवर्ड करना ना भूलें।




