ब्रिटेन और ब्रिक्स के बाद अब इटली के अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक मंच पर भिलाई की धमक, डॉ. जे.पी. गुप्ता करेंगे छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व…
इटली के उच्चस्तरीय भारतीय व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल में मिली जगह, वैश्विक निवेश, आधुनिक तकनीक और औद्योगिक सहयोग के नए अवसर तलाशने पर रहेगा जोर

भिलाई। छत्तीसगढ़ की औद्योगिक नगरी भिलाई की पहचान अब अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक मंचों पर लगातार मजबूत हो रही है। ब्रिटेन और ब्रिक्स बिजनेस फोरम में सहभागिता के बाद उद्योग चेम्बर भिलाई के अध्यक्ष एवं प्रतिष्ठित उद्योगपति डॉ. जितेंद्र प्रसाद गुप्ता अब इटली के उच्चस्तरीय भारतीय व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल में शामिल होंगे। 16 से 22 नवंबर 2026 तक प्रस्तावित इस व्यापारिक दौरे में डॉ. गुप्ता छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल द्वारा प्रस्तावित इस बिजनेस डेलिगेशन में उनकी सहभागिता को प्रदेश के उद्योग एवं व्यापार जगत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक मंचों पर लगातार बढ़ रही सहभागिता
डॉ. जितेंद्र प्रसाद गुप्ता की यह सहभागिता अंतरराष्ट्रीय औद्योगिक और व्यापारिक गतिविधियों में भिलाई की बढ़ती उपस्थिति को दर्शाती है। जून 2026 में उन्होंने केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के ब्रिटेन दौरे के दौरान आयोजित भारतीय व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल में हिस्सा लिया था। इस दौरान लंदन में अंतरराष्ट्रीय औद्योगिक संस्थानों, व्यापारिक संगठनों, तकनीकी केंद्रों एवं आधुनिक औद्योगिक व्यवस्थाओं को समझने तथा औद्योगिक सहयोग की संभावनाओं पर संवाद करने का अवसर मिला।
इसके बाद सितंबर 2026 में नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित BRICS Business Forum 2026 में भी उन्होंने सहभागिता की। इस मंच पर रूस, ब्राजील, चीन, दक्षिण अफ्रीका और इथियोपिया सहित विभिन्न देशों के व्यापारिक प्रतिनिधियों के साथ औद्योगिक सहयोग, तकनीकी आदान-प्रदान, निवेश और अंतरराष्ट्रीय व्यापार विस्तार की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
इटली की तकनीक से छत्तीसगढ़ के उद्योगों को मिल सकते हैं नए अवसर
इटली विश्व के प्रमुख औद्योगिक एवं तकनीकी रूप से विकसित देशों में शामिल है। मशीन निर्माण, इंजीनियरिंग, मेटल प्रोसेसिंग, ऑटोमेशन, आधुनिक उत्पादन तकनीक और औद्योगिक नवाचार के क्षेत्र में इटली की विशेष पहचान है।
ऐसे में इस व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल के माध्यम से छत्तीसगढ़ के उद्योगों, विशेषकर भिलाई-दुर्ग के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME), इंजीनियरिंग इकाइयों, सहायक उद्योगों और विनिर्माण क्षेत्र के लिए अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक संपर्क विकसित करने की संभावनाएं तलाशी जाएंगी।
इससे भविष्य में आधुनिक तकनीक का हस्तांतरण, संयुक्त औद्योगिक परियोजनाएं, विदेशी निवेश, निर्यात विस्तार, कौशल विकास और रोजगार सृजन के नए रास्ते खुल सकते हैं।
भिलाई के औद्योगिक विकास को वैश्विक पहचान दिलाने की पहल
भिलाई देश के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों में से एक है। यहां इस्पात उद्योग के साथ इंजीनियरिंग, फैब्रिकेशन, मशीन निर्माण, कास्टिंग, औद्योगिक उपकरण और अनेक सहायक उद्योगों का मजबूत आधार मौजूद है। अंतरराष्ट्रीय औद्योगिक संस्थानों एवं व्यापारिक संगठनों से संपर्क स्थापित होने पर इन उद्योगों को वैश्विक बाजार से जुड़ने के नए अवसर मिल सकते हैं।
व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, पूरे प्रदेश के उद्योग जगत का अवसर : डॉ. गुप्ता
इस उपलब्धि पर डॉ. जितेंद्र प्रसाद गुप्ता ने कहा कि ब्रिटेन और ब्रिक्स जैसे महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सहभागिता के बाद अब इटली के उच्चस्तरीय व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल में शामिल होने का अवसर मिलना उनके लिए गर्व और सम्मान का विषय है।
उन्होंने कहा कि इस अवसर को वह अपनी व्यक्तिगत उपलब्धि से अधिक भिलाई, दुर्ग और पूरे छत्तीसगढ़ के उद्योग एवं व्यापार जगत के लिए सामूहिक अवसर मानते हैं। हमारा प्रदेश औद्योगिक क्षमता, प्राकृतिक संसाधनों, कुशल मानव संसाधन और तकनीकी दक्षता से समृद्ध है। आवश्यकता इस बात की है कि स्थानीय उद्योगों को अंतरराष्ट्रीय बाजार, आधुनिक तकनीक और वैश्विक व्यापारिक नेटवर्क से जोड़ा जाए।
उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य केवल विदेशों में जाकर औद्योगिक संभावनाओं को देखना नहीं है, बल्कि वहां से प्राप्त अनुभव, संपर्क और अवसरों का लाभ प्रदेश के उद्योगों एवं उद्यमियों तक पहुंचाना है।
डॉ. गुप्ता ने कहा कि वह चाहते हैं कि आने वाले समय में भिलाई की पहचान केवल इस्पात नगरी के रूप में ही नहीं, बल्कि आधुनिक इंजीनियरिंग, विनिर्माण, तकनीकी नवाचार और अंतरराष्ट्रीय औद्योगिक सहयोग के प्रमुख केंद्र के रूप में भी स्थापित हो। छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के माध्यम से प्रदेश के उद्यमियों के हितों, औद्योगिक विकास और व्यापार विस्तार के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।
चेम्बर एवं विभिन्न व्यापारिक संगठनों ने दी बधाई
डॉ. जे.पी. गुप्ता की इटली यात्रा में सहभागिता को लेकर छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स के प्रदेश महामंत्री अजय भसीन ने इसे प्रदेश के उद्योग एवं व्यापार जगत के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि इससे छत्तीसगढ़ के व्यापारियों और उद्यमियों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराने का अवसर मिलेगा।
वहीं भिलाई चेम्बर अध्यक्ष गार्गी शंकर मिश्र ने कहा कि औद्योगिक नगरी भिलाई के लिए यह एक और अंतरराष्ट्रीय गौरव का अवसर है। ब्रिटेन और ब्रिक्स बिजनेस फोरम के बाद इटली के व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल में डॉ. गुप्ता की सहभागिता से भिलाई-दुर्ग सहित पूरे प्रदेश के उद्योग जगत को नई संभावनाएं मिल सकती हैं।
इस अवसर पर भिलाई चेम्बर, उद्योग चेम्बर भिलाई, महिला चेम्बर भिलाई सहित विभिन्न व्यापारिक संगठनों एवं एसोसिएशनों ने डॉ. जितेंद्र प्रसाद गुप्ता को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
भिलाई से ब्रिटेन, ब्रिक्स और अब इटली तक पहुंची यह औद्योगिक सहभागिता प्रदेश के स्थानीय उद्योगों को वैश्विक नेटवर्क, आधुनिक तकनीक और अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक अवसरों से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखी जा रही है।
इन खबरों का लाभ लेने के लिए अपने परिचितों को फॉरवर्ड करना ना भूलें।




