अब घर बैठे ऑनलाइन अपडेट होगी BSP कर्मचारियों की फोटो, भिलाई स्टील प्लांट ने शुरू की नई डिजिटल प्रणाली…
नए पहचान पत्र और आधिकारिक कार्यों के लिए फोटो अपलोड एवं सत्यापन की प्रक्रिया हुई आसान, OTP और HR अधिकारी की मंजूरी से होगा फोटो अपडेट

भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) ने कर्मचारियों को डिजिटल सुविधाओं से जोड़ने और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल बनाने की दिशा में एक नई पहल की है। संयंत्र प्रबंधन ने कर्मचारियों के आधिकारिक उपयोग के लिए फोटोग्राफ जमा करने, सत्यापन कराने और अपडेट करने की प्रक्रिया को आसान बनाने के उद्देश्य से ऑनलाइन कर्मचारी फोटो अपलोड एवं सत्यापन प्रणाली शुरू की है। इस नई व्यवस्था से कर्मचारी अपने वर्तमान फोटो को ऑनलाइन देख सकेंगे और जरूरत पड़ने पर नया फोटो अपलोड कर सकेंगे। इससे नए पहचान पत्र जारी करने सहित अन्य आधिकारिक कार्यों में सुविधा मिलेगी।
वरिष्ठ अधिकारियों ने किया प्रणाली का शुभारंभ
नई ऑनलाइन प्रणाली का संयुक्त रूप से उद्घाटन कार्यपालक निदेशक (वित्त एवं लेखा) प्रवीण निगम और कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) पवन कुमार ने किया। इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन) प्रशांत ओझा, मुख्य महाप्रबंधक (वित्त एवं लेखा) राजीव महेंद्रू, महाप्रबंधक प्रभारी (टीएसडी) ए.बी. श्रीनिवास, महाप्रबंधक (सी एवं आईटी) नीना जायसवाल एवं संदीप झा सहित मानव संसाधन, वित्त-सीपीएफ तथा सी एवं आईटी विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यपालक निदेशक प्रवीण निगम ने इस पहल की सराहना करते हुए प्रणाली के विकास और क्रियान्वयन में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय एवं सामूहिक प्रयासों की प्रशंसा की।
वहीं, कार्यपालक निदेशक पवन कुमार ने संबंधित टीम के समर्पित प्रयासों की सराहना की। उन्होंने प्रणाली को और अधिक उपयोगी बनाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए। उन्होंने कहा कि यह पहल कर्मचारी सेवाओं को अधिक प्रभावी, सरल और प्रौद्योगिकी आधारित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
OTP से सुरक्षित होगा फोटो अपलोड और सत्यापन
कार्यक्रम के दौरान सी एवं आईटी विभाग की शिवानी भड़े ने नई प्रणाली की प्रमुख विशेषताओं और कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह प्रणाली उपयोगकर्ता-अनुकूल बनाई गई है, जिसके माध्यम से कर्मचारी अपना वर्तमान फोटोग्राफ देख सकेंगे। इसके बाद वे चाहें तो पुराने फोटो को यथावत रख सकते हैं या जेपीजी (JPG) प्रारूप में नया फोटो अपलोड कर सकते हैं।

फोटो में बदलाव करने के अनुरोध पर कर्मचारी के पंजीकृत मोबाइल नंबर और ई-मेल पते पर ओटीपी भेजा जाएगा। ओटीपी सत्यापन के बाद अपलोड किए गए नए फोटो की संबंधित मानव संसाधन अधिकारी द्वारा समीक्षा की जाएगी।
HR अधिकारी की मंजूरी के बाद स्वतः अपडेट होगी फोटो
नई व्यवस्था में अपलोड किए गए फोटो को संबंधित मानव संसाधन अधिकारी आवश्यक टिप्पणी के साथ स्वीकृत या अस्वीकृत कर सकेंगे। फोटो अपडेट से जुड़े प्रत्येक लेन-देन का डिजिटल रिकॉर्ड भी सुरक्षित रखा जाएगा। अधिकारी से स्वीकृति मिलने के बाद नया फोटोग्राफ सिस्टम में स्वतः अपडेट हो जाएगा।
वहीं, जो कर्मचारी अपना वर्तमान फोटो ही जारी रखना चाहते हैं, उन्हें किसी प्रकार की अतिरिक्त मंजूरी लेने की आवश्यकता नहीं होगी। इस तरह फोटो सत्यापन और अपडेट की पूरी प्रक्रिया को पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक बनाया गया है।
सी एवं आईटी विभाग की टीम ने किया सिस्टम का विकास
इस ऑनलाइन प्रणाली का विकास महाप्रबंधक (सी एवं आईटी) संदीप झा के नेतृत्व में किया गया। टीम में इरफान सिद्दीकी, शिवानी भड़े, आदित्य और जितेंद्र ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके विकास में महाप्रबंधक (मानव संसाधन/वर्क्स) संजय द्विवेदी का मार्गदर्शन मिला। साथ ही मानव संसाधन विभाग की टीम ने भी प्रणाली के विकास और क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण सहयोग दिया।
BSP के डिजिटल परिवर्तन को मिलेगी गति
भिलाई इस्पात संयंत्र में ऑनलाइन कर्मचारी फोटो अपलोड एवं सत्यापन प्रणाली की शुरुआत डिजिटल परिवर्तन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। इससे कर्मचारियों को फोटो अपडेट कराने के लिए अपनाई जाने वाली प्रक्रिया में सुविधा मिलेगी। साथ ही डिजिटल रिकॉर्ड, ऑनलाइन सत्यापन और ओटीपी आधारित सुरक्षा व्यवस्था से प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, सुगमता और कार्यक्षमता को बढ़ावा मिलेगा।
इन खबरों का लाभ लेने के लिए अपने परिचितों को फॉरवर्ड करना ना भूलें।




