भिलाई

कार्यस्थल सुरक्षा एवं उत्कृष्ट हाउसकीपिंग के लिए संविदा कर्मियों को प्रदान किया गया ‘सुरक्षा सजगता पुरस्कार

भिलाई इस्पात संयंत्र के कोक ओवन एवं कोल केमिकल विभाग द्वारा कार्यस्थल सुरक्षा एवं उत्कृष्ट हाउसकीपिंग के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले संविदा कर्मियों को 04 अगस्त 2026 को कोक ओवन सभागार में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह ‘सुरक्षा सजगता पुरस्कार’ प्रदान कर सम्मानित किया गया।

समारोह के मुख्य अतिथि मुख्य महाप्रबंधक (सीओ एंड सीसीडी)  तुलाराम बेहरा ने पुरस्कार विजेताओं को सम्मानित करते हुए कहा कि किसी भी औद्योगिक इकाई की सफलता केवल उत्पादन पर ही नहीं, बल्कि उसकी सुरक्षा संस्कृति और कार्यस्थल की सुव्यवस्थित व्यवस्था पर भी निर्भर करती है।

उन्होंने कहा कि सुरक्षित, स्वच्छ एवं अनुशासित कार्य वातावरण न केवल दुर्घटनाओं की रोकथाम सुनिश्चित करता है, बल्कि परिचालन दक्षता एवं उत्पादकता में भी उल्लेखनीय वृद्धि करता है। उन्होंने सुरक्षा एवं उत्कृष्ट हाउसकीपिंग के प्रति कर्मियों की निष्ठा और समर्पण की सराहना करते हुए इसे अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

इस अवसर पर पाँच कर्मचारियों को ‘सुरक्षा सर्वोत्तम पुरस्कार’, छह कर्मचारियों को ‘सुरक्षा अनमोल पुरस्कार’ तथा पच्चीस कर्मचारियों को ‘सुरक्षा दक्ष पुरस्कार’ प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विभागीय सुरक्षा अधिकारी एवं महाप्रबंधक (सीओ एंड सीसीडी) श्री बी. सी. मंडल ने औद्योगिक सुरक्षा के महत्वपूर्ण सिद्धांत ‘लाइन ऑफ फायर’ की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कार्यस्थल पर होने वाली अधिकांश दुर्घटनाएँ तब घटित होती हैं, जब कर्मचारी अनजाने में गतिशील उपकरणों, लटके हुए भार, दाबयुक्त प्रणालियों अथवा संचित ऊर्जा के प्रभाव क्षेत्र में आ जाते हैं। उन्होंने संभावित जोखिमों की समय रहते पहचान करने, सतर्कता बनाए रखने तथा प्रत्येक कार्य से पूर्व जोखिमों का समुचित आकलन करने की आवश्यकता पर विशेष बल दिया।

विभागीय सुरक्षा अधिकारी आशुतोष प्रधान ने सुरक्षित कार्यस्थल सुनिश्चित करने में ‘जीरो टॉलरेंस रूल’ की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि असुरक्षित कार्य व्यवहार, असुरक्षित परिस्थितियों तथा निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं के उल्लंघन के प्रति किसी भी प्रकार की उदासीनता या शिथिलता स्वीकार्य नहीं होनी चाहिए। उन्होंने प्रत्येक कर्मचारी से सुरक्षा नियमों का पूर्ण निष्ठा एवं अनुशासन के साथ पालन करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर महाप्रबंधक प्रभारी (ऑपरेशन) श्री टी. के. मुखर्जी तथा महाप्रबंधक (ई/एम) श्री के. नंद कुमार ने भी उपस्थित कर्मियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सुरक्षा प्रत्येक कर्मचारी की साझा जिम्मेदारी है तथा उत्कृष्ट हाउसकीपिंग सुरक्षित, व्यवस्थित एवं दुर्घटनामुक्त कार्यस्थल की आधारशिला है।

उन्होंने सभी कर्मचारियों से सुरक्षा अभियानों में सक्रिय सहभागिता, अनुशासन एवं सतत सजगता बनाए रखने का आह्वान करते हुए कहा कि ऐसी कार्य संस्कृति परिचालन उत्कृष्टता, कार्यकुशलता एवं उत्पादकता को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

कार्यक्रम के समापन पर संगठन ने सुरक्षित एवं अनुशासित कार्य संस्कृति को प्रोत्साहित करने तथा कार्यस्थल पर सुरक्षा एवं उत्कृष्ट हाउसकीपिंग के प्रति समर्पित कर्मियों के योगदान को सम्मानित करने की अपनी प्रतिबद्धता को पुनः रेखांकित किया। कार्यक्रम का संचालन सहायक प्रबंधक (सुरक्षा)  संतोष पराशर एवं  विकास गजभिये ने किया।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button