भिलाई

जे.एल.एन. चिकित्सालय एवं रिसर्च सेंटर में सीएमई एवं भिलाई मेनोपॉज़ सोसायटी का स्थापना एवं पदस्थापना समारोह संपन्न

सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय एवं रिसर्च सेंटर के कॉन्फ्रेंस हॉल में विगत दिनों में सतत चिकित्सा शिक्षा (सीएमई) कार्यक्रम एवं नवगठित भिलाई मेनोपॉज़ सोसायटी के स्थापना एवं पदस्थापना समारोह का आयोजन किया गया। यह सोसायटी इंडियन मेनोपॉज़ सोसायटी की देश की 54वीं शाखा के रूप में स्थापित हुई, जो क्षेत्र में महिलाओं के मध्य आयु स्वास्थ्य एवं रजोनिवृत्ति संबंधी जागरूकता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

कार्यक्रम में इंडियन मेनोपॉज़ सोसायटी की राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुधा शर्मा (जम्मू), प्रेसिडेंट-इलेक्ट डॉ. आरती गुप्ता (आगरा) तथा राष्ट्रीय महासचिव एवं पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय, रायपुर के प्रसूति एवं स्त्री रोग विभागाध्यक्ष डॉ. ज्योति जायसवाल मुख्य रूप से उपस्थित रहीं।

इस अवसर पर तत्कालीन मुख्य चिकित्सा अधिकारी प्रभारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) डॉ. विनीता द्विवेदी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) डॉ. कौशलेन्द्र ठाकुर, प्रसूति एवं स्त्री रोग विभागाध्यक्ष डॉ. नीना गुहा, जे.एल.एन. चिकित्सालय के प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग के संकाय सदस्य, भिलाई के प्रतिष्ठित स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ, रायपुर मेनोपॉज़ सोसायटी के पदाधिकारी तथा भिलाई एवं आसपास के विभिन्न संस्थानों से आए लगभग 50 चिकित्सक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित सीएमई सत्र में डॉ. ज्योति जायसवाल ने “जेनरल एल्मेंट्स इन मेनोपॉज” विषय पर व्याख्यान देते हुए मेनोपॉज के दौरान महिलाओं में होने वाले शारीरिक एवं मानसिक परिवर्तनों, समय पर पहचान तथा समुचित उपचार एवं परामर्श की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला। वहीं डॉ. सुधा शर्मा ने इंडियन मेनोपॉज़ सोसायटी की स्थापना, उद्देश्यों एवं गतिविधियों की जानकारी देते हुए महिलाओं के स्वास्थ्य संवर्धन, जागरूकता, शोध एवं चिकित्सकों के प्रशिक्षण में संस्था की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया।

इस अवसर पर भिलाई मेनोपॉज़ सोसायटी की प्रथम कार्यकारिणी का गठन एवं पदस्थापना भी संपन्न हुई। इसमें डॉ. निशा ठाकुर को संस्थापक अध्यक्ष, डॉ. प्रभदीप कौर को संस्थापक सचिव, डॉ. हिमानी गुप्ता को कोषाध्यक्ष, डॉ. मोनीदीपा साहा को उपाध्यक्ष तथा डॉ. श्वेता रानी प्रसाद को संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया। उल्लेखनीय है कि संस्थापक अध्यक्ष, संस्थापक सचिव एवं कोषाध्यक्ष तीनों ही जे.एल.एन. चिकित्सालय एवं रिसर्च सेंटर से हैं, जबकि अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकारी परिषद के सदस्य भिलाई एवं आसपास के विभिन्न अस्पतालों एवं चिकित्सा संस्थानों का प्रतिनिधित्व करते हैं।

कार्यक्रम में बताया गया कि नवगठित भिलाई मेनोपॉज़ सोसायटी का उद्देश्य विभिन्न अस्पतालों एवं संस्थानों के विशेषज्ञों को एक साझा मंच प्रदान कर पेरिमेनोपॉज़ल एवं मेनोपॉज़ल आयु वर्ग की महिलाओं की समग्र स्वास्थ्य आवश्यकताओं की देखभाल सुनिश्चित करना, रजोनिवृत्ति संबंधी समस्याओं के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा महिलाओं के स्वास्थ्य एवं जीवन-गुणवत्ता में सुधार लाना है। सोसायटी के सुचारु संचालन एवं मार्गदर्शन के लिए वरिष्ठ चिकित्सकों को कार्यकारी परिषद में भी शामिल किया गया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे

https://jantakikalam.com

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button