परीक्षा केन्द्र में पार्किंग और अभिभावकों के बैठने की व्यवस्था करें – अपर कलेक्टर

कलेक्ट्रेट के मोहन सभागार में आयोजित बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी ने कहा कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा 21 जून को नीट यूजी की परीक्षा आयोजित की जा रही है। परीक्षा के लिए जिले में 13 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। इन केन्द्रों में समुचित व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्यपालिक मजिस्ट्रेट तथा नोडल अधिकारी तैनात कर दिए गए हैं।
सभी केन्द्राध्यक्ष राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी के निर्देशों का कठोरता से पालन करते हुए नीट परीक्षा के लिए आवश्यक प्रबंध करें। इस परीक्षा में 5399 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इनके साथ आने वाले अभिभावकों के बैठने के लिए समुचित व्यवस्था करें। आसपास उपलब्ध शासकीय भवन अथवा टेंट लगाकर बैठने की व्यवस्था कराएं। नगर निगम इन स्थलों में साफ-सफाई और ठंडे पानी की व्यवस्था करेगा। परीक्षा केन्द्र के आसपास वाहनों की पार्किंग के लिए भी व्यवस्था कराएं।
अपर कलेक्टर ने कहा कि परीक्षा केन्द्र में केन्द्राध्यक्ष के अलावा किसी भी व्यक्ति को मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा के दौरान जैमर भी सक्रिय रहेगा। परीक्षा केन्द्र में परीक्षार्थियों के मोबाइल तथा अन्य सामग्री रखने के लिए व्यवस्था सुनिश्चित करें। परीक्षार्थी परीक्षा केन्द्र में केवल पेन, प्रवेश पत्र, पासपोर्ट आकार की एक फोटो, आधार कार्ड की प्रति तथा पारदर्शी पानी की बोतल ले जा सकते हैं।
बैठक में परीक्षा केन्द्र में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा प्रश्नपत्र वितरण के संबंध में निर्देश दिए गए। बैठक में डिप्टी कलेक्टर राकेश चौरसिया, सभी केन्द्राध्यक्ष, सहायक संचालक शिक्षा राजेश मिश्रा, पुलिस अधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




