
भिलाई – 11 जून 2026 को वाणिज्य संबंधी विभागीय संसदीय स्थायी समिति की अध्यक्ष राज्यसभा सदस्य श्रीमती डोला सेन के नेतृत्व में समिति के सदस्यों ने सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र का संक्षिप्त दौरा किया। समिति में राज्यसभा सदस्य डॉ. संगीता बलवंत, धनंजय भीमराव महाडिक, सदानंद म्हालू सेठ तानावड़े एवं बिस्वजीत सिन्हा तथा लोकसभा सदस्य रमेश अवस्थी, आनंद भदौरिया, अतुल गर्ग, के. राजशेखर बसवराज हितनाल, डॉ. प्रशांत यादवराव पडोले, संतोष पांडेय, डॉ. शिव पाल सिंह पटेल, आमरा राम, श्रीमती अनीता सुभदर्शिनी एवं गिरधारी यादव शामिल थे। इस अवसर पर लोकसभा एवं राज्यसभा सचिवालय के अधिकारीगण भी उपस्थित रहे। भिलाई इस्पात संयंत्र पहुंचने पर मानव संसाधन विकास केंद्र में कार्यकारी निदेशक प्रभारी (बीएसपी) अजय कुमार चक्रवर्ती सहित संयंत्र के कार्यपालक निदेशकों एवं वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा समिति के सदस्यों का स्वागत किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत मानव संसाधन विकास केंद्र के सभागार में आयोजित परिचयात्मक सत्र से हुई। इस दौरान उप प्रबंधक (जनसंपर्क विभाग) सुश्री शालिनी चौरसिया द्वारा प्रस्तुतिकरण के माध्यम से समिति के सदस्यों को भिलाई इस्पात संयंत्र की उत्पादन इकाइयों, प्रमुख उत्पादों, विभागीय कार्यप्रणाली, तकनीकी विशेषताओं तथा सीएसआर गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही संयंत्र भ्रमण के दौरान पालन किए जाने वाले आवश्यक सुरक्षा निर्देशों से भी अवगत कराया गया।
प्रस्तुतीकरण के उपरांत समिति के सदस्य संयंत्र भ्रमण हेतु रवाना हुए। भ्रमण के दौरान उन्होंने ब्लास्ट फर्नेस–8 तथा यूनिवर्सल रेल मिल का निरीक्षण किया और इस्पात उत्पादन की विभिन्न प्रक्रियाओं को निकट से देखा। समिति ने ब्लास्ट फर्नेस–8 में हॉट मेटल उत्पादन की प्रक्रिया का अवलोकन किया तथा यूनिवर्सल रेल मिल में विश्व की सबसे लंबी 260 मीटर रेलों के निर्माण एवं रोलिंग प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की।
संयंत्र भ्रमण के दौरान समिति के सदस्यों ने उत्पादन प्रणाली, आधुनिक तकनीकी संचालन तथा गुणवत्ता नियंत्रण संबंधी व्यवस्थाओं में विशेष रुचि दिखाई। इस अवसर पर समिति के सदस्यों ने संयंत्र की प्रमुख उत्पादन इकाइयों का निरीक्षण कर इस्पात निर्माण प्रक्रियाओं, तकनीकी क्षमताओं तथा उत्पादन गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की।
भ्रमण के उपरांत समिति के सदस्य पुनः मानव संसाधन विकास केंद्र पहुंचे, जहां उन्होंने संयंत्र की कार्यप्रणाली एवं उत्पादन गतिविधियों के संबंध में अपने अनुभव साझा किए।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




