chhattisgarhछत्तीसगढ़दुर्ग

जिला स्तरीय औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा समीक्षा बैठक में भिलाई इस्पात संयंत्र की सक्रिय सहभागिता…

दुर्ग जिले एवं आसपास स्थित उद्योगों में लागू स्वास्थ्य एवं सुरक्षा उपायों की समीक्षा हेतु 21 मई 2026 को महात्मा गांधी कलामंदिर में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता दुर्ग के कलेक्टर अभिजीत सिंह द्वारा की गई तथा कार्यक्रम का समन्वयन उप संचालक (औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा, दुर्ग) मनीष कुंजाम द्वारा किया गया।

कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, दुर्ग विजय अग्रवाल उपस्थित रहे। भिलाई इस्पात संयंत्र का प्रतिनिधित्व कार्यकारी मुख्य महाप्रबंधक (सेवाएं) पी. आर. भल्ला ने किया। बैठक में भिलाई इस्पात संयंत्र सहित विभिन्न निजी उद्योगों के फैक्ट्री प्रबंधक एवं सुरक्षा अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान उप संचालक (औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा), दुर्ग मनीष कुंजाम द्वारा बैठक के उद्देश्य, विभिन्न औद्योगिक सुरक्षा आंकड़ों एवं भावी कार्ययोजना की जानकारी प्रस्तुत की गई। भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा संयंत्र में लागू स्वास्थ्य एवं सुरक्षा उपायों पर विस्तृत प्रस्तुति दी गई।

इस दौरान महाप्रबंधक प्रभारी (सुरक्षा अभियांत्रिकी विभाग) संजय अग्रवाल, मुख्य अग्निशमन अधिकारी बी. के. महापात्रा तथा महाप्रबंधक (ऊर्जा प्रबंधन विभाग) सुब्रमणियन रमणी ने स्वास्थ्य, अग्नि सुरक्षा एवं ऊर्जा प्रबंधन से संबंधित व्यवस्थाओं एवं सुरक्षा उपायों की जानकारी साझा की। कार्यक्रम में एनएसपीसीएल भिलाई से तापस मोहिनी एवं अदाणी सीमेंट, जामुल से श्री विश्वकर्मा द्वारा भी प्रस्तुतियाँ दी गईं।

बैठक के दौरान कलेक्टर अभिजीत सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने विभिन्न उद्योग प्रतिनिधियों से संवाद करते हुए सुरक्षा सुधार हेतु आवश्यक सुझाव एवं निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने निर्धारित समय- सीमा के भीतर सभी वैधानिक आवश्यकताओं को पूर्ण करने के महत्व पर बल दिया तथा हाल की बॉयलर दुर्घटनाओं के संदर्भ में बॉयलरों के रखरखाव एवं सुरक्षा मानकों पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई।

अपने संबोधन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने किसी भी अप्रिय घटना की त्वरित सूचना संबंधित प्रशासनिक एजेंसियों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि कानून एवं व्यवस्था का बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने औद्योगिक क्षेत्रों में अधिकाधिक कैमरा निगरानी व्यवस्था विकसित करने का सुझाव भी दिया तथा सड़क सुरक्षा प्रबंधन हेतु भिलाई इस्पात संयंत्र प्रशासन को निरंतर सहयोग का आश्वासन प्रदान किया।

कार्यक्रम का संचालन सुप्रियो सेन ने किया व धन्यवाद ज्ञापन उप संचालक (औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा, दुर्ग) मनीष कुंजाम द्वारा दिया गया। कार्यक्रम का समापन सभी औद्योगिक हितधारकों द्वारा सुरक्षा के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता के संकल्प के साथ हुआ।

संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे

https://jantakikalam.com 

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button