रिसाली में सेवा संकल्प शिविर से जनता को राहत, विधायक ललित चंद्राकर ने मौके पर सुनीं समस्याएं…
वार्ड 25-26 में एक ही छत के नीचे मिलीं सरकारी सेवाएं, पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने पर जोर

दुर्ग । रिसाली नगर पालिक निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 25 एवं 26 स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल में नगर निगम द्वारा सेवा संकल्प अभियान के तहत शिविर आयोजित किया गया। दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने शिविर में पहुंचकर विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन किया और अधिकारियों से नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।

शिविर का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम नागरिकों तक पहुंचाना, पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाना और लोगों की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करना रहा।
विभिन्न विभागों के स्टॉलों का किया निरीक्षण
विधायक ललित चंद्राकर ने शिविर में राजस्व, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, खाद्य, श्रम, पेंशन, आयुष्मान, आधार, राशन कार्ड, विद्युत सहित अन्य विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों से विभागीय योजनाओं की प्रगति और नागरिकों को दी जा रही सुविधाओं के बारे में चर्चा की। इस दौरान शिविर में पहुंचे लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कई आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कराया गया।
अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना लक्ष्य
शिविर को संबोधित करते हुए विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि रिसाली में आयोजित सेवा संकल्प शिविर में यह देखकर प्रसन्नता हो रही है कि प्रशासन स्वयं जनता तक पहुंचकर उनकी समस्याओं के समाधान का प्रयास कर रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन और जनकल्याण के संकल्प के साथ काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार की प्राथमिकता है कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
विधायक ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान इसी उद्देश्य को साकार करने की दिशा में एक पहल है, जिसके माध्यम से आम नागरिकों को सरकारी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं।
आयुष्मान, राशन कार्ड और पेंशन सहित कई सेवाएं एक जगह
ललित चंद्राकर ने कहा कि पहले लोगों को छोटे-छोटे सरकारी कामों के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे। अब शिविर के माध्यम से विभिन्न विभागों के स्टॉल एक ही स्थान पर लगाए जा रहे हैं, जिससे नागरिकों को सुविधाएं मिल रही हैं।
उन्होंने बताया कि आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, पेंशन तथा बच्चों के जाति और निवास प्रमाण पत्र जैसे कार्यों के लिए भी शिविर में सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
विधायक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कोई भी पात्र हितग्राही शासकीय योजना के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने नागरिकों की समस्याओं के निराकरण में तत्परता बरतने पर जोर दिया और शिविर के सुव्यवस्थित आयोजन के लिए रिसाली निगम की टीम की सराहना की।
रिसाली के विकास कार्यों को प्राथमिकता देने की बात
विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि रिसाली क्षेत्र का विकास उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने आश्वस्त किया कि वार्ड क्रमांक 25 और 26 सहित पूरे रिसाली क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए प्रयासों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
उन्होंने जनसमस्याओं के समाधान और नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रशासनिक अमले की सक्रिय भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
जनप्रतिनिधियों और निगम अधिकारियों की रही मौजूदगी
शिविर में रिसाली निगम की महापौर शशि सिन्हा, रिसाली मंडल अध्यक्ष अनुपम साहू, मरोदा पुरैना मंडल अध्यक्ष राजू जंघेल, जिला मंत्री शैलेन्द्र सेंडे, महामंत्री दशरथ साहू एवं नरेन्द्र निर्मलकर और नेता प्रतिपक्ष शैलेन्द्र साहू उपस्थित रहे।
इसके अलावा पार्षद धर्मेन्द्र भगत, मनीष यादव, सीमा साहू और रमा साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
इस अवसर पर प्रदेश कन्या संयोजिका डॉ. संस्कृति वर्मा, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष शकुंतला दास, उपाध्यक्ष सविता महिलांग, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष मनोज साहू, ओबीसी मोर्चा मंडल अध्यक्ष विक्की सोनी, विकास कुलश्रेष्ठ, बिसाल ठाकुर, परमेश्वर महिलांग, पार्वती कुर्रे, सुनीता कोसरे, अर्चना हिरवानी, मोंगरा देशमुख, सतीश दुबे, संध्या साहू, ओमकेश्वरी मारकंडे, तेजेश्वी सोनवानी, करुणा श्रीवास, डिकेंद्र हिरवानी, बिन्देश्वरी साहू और मधु कोरी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी भी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
इन खबरों का लाभ लेने के लिए अपने परिचितों को फॉरवर्ड करना ना भूलें।




