छत्तीसगढ़दुर्ग

शिविरों और घर-घर संपर्क से उपभोक्ताओं को मिल रहा समाधान योजना का लाभ…

दुर्ग – मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए दुर्ग नगर वृत्त के अंतर्गत आने वाले दुर्ग शहर संभाग, भिलाई (पूर्व)शहर संभाग और भिलाई (पश्चिम) शहर संभाग में व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। अधीक्षण अभियंता श्री जे. जगन्नाथ प्रसाद ने बताया कि 01 अप्रैल 2026 तक दुर्ग नगर वृत्त में बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने पंजीयन करा लिया है।

अब तक 184 पात्र बीपीएल उपभोक्ताओं में से 173 ने पंजीयन कराया है, जिन्हें ₹3,20,609 की छूट दी जाएगी। इसी तरह, 1688 पात्र एपीएल उपभोक्ताओं में से 1109 ने पंजीयन कराया है, जिन्हें ₹13,49,674 की राहत मिलेगी। कृषि श्रेणी में भी 46 में से 40 पात्र उपभोक्ताओं ने पंजीयन पूर्ण कर लिया है, जिन्हें ₹32,365 की छूट प्रदान की जाएगी।

उन्होंने बताया कि 13 मार्च 2026 से सभी 12 जोनों के विभिन्न वार्डों में विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। योजना के प्रचार-प्रसार के लिए माइक युक्त गाड़ियों का उपयोग कर पात्र उपभोक्ताओं को जागरूक किया जा रहा है, जिसका क्षेत्र में सकारात्मक प्रतिसाद देखने को मिल रहा है।

उल्लेखनीय है कि इस महत्वाकांक्षी योजना को सफल बनाने के लिए विभाग के कर्मचारी और मीटर रीडर घर-घर जाकर उपभोक्ताओं से संपर्क कर रहे हैं। मीटर रीडरों को इस कार्य के लिए विशेष प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी ताकि वे अधिक से अधिक लोगों को लाभ लेने के लिए प्रेरित कर सकें। 10 अप्रैल 2026 तक दुर्ग नगर वृत्त के सभी पात्र उपभोक्ताओं को इस योजना के दायरे में लाकर उन्हें शासन द्वारा दी जा रही इस सुविधा का पूर्ण लाभ पहुंचाने का लक्ष्य है।

संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे

https://jantakikalam.com 

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button