आईआईटी भिलाई में गूंजा स्वच्छता का संकल्प, विद्यार्थियों से अधिकारियों तक ने ली शपथ…
स्वच्छ परिसर और स्वस्थ पर्यावरण के लिए संस्थान में ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान के तहत सामूहिक भागीदारी

भिलाई। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान भिलाई में भारत सरकार के ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान के तहत स्वच्छता के प्रति जागरूकता और सामूहिक जिम्मेदारी को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलाया जा रहा है। इस वर्ष अभियान की थीम “स्वच्छता में सहभाग; स्वच्छ भारत, विकसित भारत” रखी गई है।
इसी कड़ी में 22 सितंबर को सुबह 11:30 बजे आईआईटी भिलाई के एलडीसी लेवल-2 में स्वच्छता शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संस्थान के छात्र-छात्राओं, संकाय सदस्यों, अधिकारियों, कर्मचारियों तथा अन्य सदस्यों ने सहभागिता की।

इस दौरान उपस्थित प्रतिभागियों ने स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने तथा संस्थान को स्वच्छ, स्वस्थ और बेहतर परिसर के रूप में विकसित करने में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सामूहिक सहभागिता से जुड़ा दायित्व है।
पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी पर जोर
‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान के अंतर्गत आईआईटी भिलाई में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ परिसर और सामुदायिक सहभागिता को लेकर विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इन आयोजनों का उद्देश्य संस्थान के सदस्यों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ दैनिक व्यवहार में स्वच्छता को अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
अभियान के दौरान सामूहिक प्रयासों के जरिए स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण के निर्माण पर विशेष जोर दिया जा रहा है। आईआईटी भिलाई का प्रयास है कि संस्थान परिसर में स्वच्छता के साथ पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी मजबूत हो।
अभियान से जुड़ी गतिविधियां 2 अक्टूबर 2026, स्वच्छ भारत दिवस के अवसर तक जारी रहेंगी। इस आयोजन के सफल संचालन में संस्थान के निदेशक प्रोफेसर राजीव प्रकाश का मार्गदर्शन रहा।
आईआईटी भिलाई स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
इन खबरों का लाभ लेने के लिए अपने परिचितों को फॉरवर्ड करना ना भूलें।
सोशल मीडिया लिंक
https://www.facebook.com/
https://twitter.com/
https://instagram.com/
https://whatsapp.com/channel/
खबरों की अपडेट पाने के लिये subscribe करे
www.jantakikalam.com.




