नवा रायपुर में खुलेगा NMIMS का भव्य कैंपस, छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए खुलेंगे राष्ट्रीय शिक्षा के नए द्वार…
40 एकड़ में बनेगा अत्याधुनिक संस्थान; 2-3 साल में शुरू होगा पहला बैच, पूर्ण विस्तार के बाद करीब 10 हजार विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ

रायपुर । छत्तीसगढ़ के उच्च शिक्षा क्षेत्र में आज एक बड़ा कदम जुड़ गया। देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में शामिल नरसी मोंजी इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (NMIMS) अब नवा रायपुर अटल नगर में अपना कैंपस स्थापित करेगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में संस्थान की स्थापना के लिए लीज अनुबंध और भूमि रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी कर ली गई। इसके साथ ही प्रदेश में राष्ट्रीय स्तर के इस संस्थान के आगमन का रास्ता साफ हो गया है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक उच्च शिक्षा के लिए बड़े शहरों का रुख न करना पड़े, इसके लिए प्रदेश में ही देश के प्रतिष्ठित संस्थानों जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। NMIMS की स्थापना इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। शिक्षा, कौशल और रोजगार के बेहतर अवसरों के माध्यम से युवाओं को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार करना सरकार की प्राथमिकता है।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, आवास एवं पर्यावरण सचिव अंकित आनंद तथा नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चंदन कुमार उपस्थित रहे।
40 एकड़ में आकार लेगा आधुनिक शैक्षणिक परिसर
नवा रायपुर अटल नगर के सेक्टर-18 में लगभग 40 एकड़ भूमि पर NMIMS का अत्याधुनिक कैंपस विकसित किया जाएगा। संस्थान का संचालन करने वाले श्री विले पार्ले केलवणी मंडल (SVKM) को यह भूमि 90 वर्षों की लीज पर प्रदान की गई है।
राज्य मंत्रिपरिषद ने 21 जनवरी 2026 को संस्थान के लिए भूमि आवंटन के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। इसके बाद आवश्यक प्रक्रियाओं को आगे बढ़ाते हुए अब लीज अनुबंध और भूमि रजिस्ट्री की प्रक्रिया भी पूरी हो गई है।
संस्थान की स्थापना की संपूर्ण प्रक्रिया आगामी सात वर्षों में पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं विद्यार्थियों को इसका लाभ इससे पहले ही मिलने लगेगा। दो से तीन वर्षों के भीतर पहला शैक्षणिक बैच शुरू करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। पूर्ण रूप से विकसित होने के बाद यहां लगभग 10 हजार विद्यार्थी अध्ययन कर सकेंगे।
प्रबंधन से कौशल तक, युवाओं को मिलेंगे नए अवसर
NMIMS के आने से छत्तीसगढ़ में उच्च शिक्षा के नए विकल्पों का विस्तार होगा। प्रदेश के विद्यार्थियों को प्रबंधन, कौशल विकास और आधुनिक रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों में राष्ट्रीय स्तर की शिक्षा अपने ही राज्य में प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
इससे प्रतिभाशाली युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए महानगरों की ओर जाने की जरूरत कम होगी। साथ ही देश के अन्य हिस्सों से विद्यार्थी भी नवा रायपुर में अध्ययन के लिए पहुंचेंगे, जिससे शहर में विविधतापूर्ण शैक्षणिक वातावरण तैयार होगा।
कैंपस से बढ़ेंगे रोजगार और उद्यमिता के अवसर
इस परियोजना का असर केवल शिक्षा तक सीमित नहीं रहेगा। NMIMS के माध्यम से कौशल विकास, रोजगार, नवाचार और उद्यमिता के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
विद्यार्थियों, शिक्षकों, शोधकर्ताओं और उद्योग जगत के बीच सहयोग बढ़ने से बदलती औद्योगिक आवश्यकताओं के अनुरूप दक्ष मानव संसाधन तैयार करने में मदद मिलेगी। विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव, रिसर्च, नवाचार और स्टार्टअप गतिविधियों से जुड़ने के अवसर भी मिल सकते हैं।
राष्ट्रीय स्तर के संस्थान की मौजूदगी से अकादमिक और औद्योगिक क्षेत्र के बीच साझेदारी की संभावनाएं बढ़ेंगी। इसका लाभ प्रदेश में विकसित हो रहे औद्योगिक और सेवा क्षेत्रों को भी मिल सकता है।
एजुकेशन और नॉलेज हब के रूप में उभरेगा नवा रायपुर
राज्य सरकार नवा रायपुर अटल नगर को आधुनिक अधोसंरचना और बेहतर कनेक्टिविटी वाले शहर के साथ एजुकेशन एवं नॉलेज हब के रूप में विकसित करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
NMIMS जैसे प्रतिष्ठित संस्थान की स्थापना से इस प्रयास को नई गति मिलेगी। देश के अलग-अलग राज्यों से विद्यार्थियों, शिक्षकों और शोधकर्ताओं के आने से नवा रायपुर के शैक्षणिक, सांस्कृतिक और बौद्धिक वातावरण का विस्तार होगा।
इसके साथ ही आवास, परिवहन, खान-पान, तकनीकी सेवाओं और अन्य सहायक क्षेत्रों में भी गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और व्यवसाय के नए अवसर विकसित हो सकते हैं।
उच्च शिक्षा के नक्शे पर छत्तीसगढ़ को मिलेगी नई पहचान
राज्य सरकार की युवा-केंद्रित विकास नीति में शिक्षा, कौशल, नवाचार और रोजगार को एक-दूसरे से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। NMIMS की स्थापना इसी दृष्टिकोण का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
लीज अनुबंध और भूमि रजिस्ट्री पूरी होने के साथ छत्तीसगढ़ के उच्च शिक्षा क्षेत्र में एक नया अध्याय शुरू होने जा रहा है। आने वाले वर्षों में यह संस्थान प्रदेश के हजारों युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ नवा रायपुर को राष्ट्रीय स्तर के शिक्षा एवं ज्ञान केंद्र के रूप में स्थापित करने में अहम भूमिका निभा सकता है।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे https://jantakikalam.com




