सेक्टर-10 स्कूल में साइबर सुरक्षा का पाठ, 400 विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी से बचाव के बताए तरीके…
CSP निशांत पाठक और इंस्पेक्टर डॉ. संकल्प राय ने विद्यार्थियों-शिक्षकों को किया जागरूक, OTP-पासवर्ड साझा न करने और संदिग्ध लिंक से बचने की दी सलाह

भिलाई। सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-10 में विद्यार्थियों और शिक्षकों को बढ़ते साइबर अपराधों एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें कक्षा 11वीं और 12वीं के करीब 400 विद्यार्थियों तथा लगभग 40 शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सहभागिता की।
डिजिटल दुनिया में सतर्कता पर जोर
कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में CSP भिलाई निशांत पाठक उपस्थित रहे। विशेष रूप से मौजूद इंस्पेक्टर डॉ. संकल्प राय ने साइबर सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने बढ़ते साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी के तरीकों से विद्यार्थियों को अवगत कराते हुए डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करते समय सतर्क रहने की अपील की।
वक्ताओं ने कहा कि किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें और अनजान कॉल व संदेशों को लेकर सावधानी बरतें। OTP, पासवर्ड, बैंक खाते से जुड़ी जानकारी या अन्य संवेदनशील विवरण किसी के साथ साझा न करने की सलाह भी दी गई।
सोशल मीडिया इस्तेमाल में बरतें सावधानी
कार्यशाला में सोशल मीडिया के सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग पर भी चर्चा हुई। विद्यार्थियों को मजबूत पासवर्ड रखने, अनजान लोगों से ऑनलाइन संपर्क करते समय सतर्क रहने तथा किसी संदिग्ध डिजिटल गतिविधि की जानकारी मिलते ही अभिभावकों, शिक्षकों या संबंधित अधिकारियों को सूचित करने के लिए कहा गया।
वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि साइबर सुरक्षा केवल तकनीकी विषय नहीं है, बल्कि हर डिजिटल यूजर की व्यक्तिगत जिम्मेदारी है। विद्यार्थियों से सुरक्षित डिजिटल आदतों को रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनाने तथा साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी अपने परिवार और आसपास के लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।
विद्यार्थियों को बनाया साइबर जागरूकता का वाहक
कार्यशाला में व्यावहारिक उदाहरणों के जरिए साइबर फ्रॉड से बचने के उपाय समझाए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के प्रति सचेत करना नहीं, बल्कि उनमें सुरक्षित, सजग और जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार विकसित करना भी रहा।
विद्यालय की प्राचार्या सुमिता सरकार ने कहा कि बढ़ते डिजिटलीकरण के दौर में विद्यार्थियों के बीच साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता विकसित करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने विद्यार्थियों और शिक्षकों से सतर्क एवं जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार अपनाने का आग्रह किया।
तरुण कुमार साहू ने किया संचालन
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ व्याख्याता तरुण कुमार साहू ने किया। अंत में उप-प्राचार्या सविता तिवारी ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, वक्ताओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा साइबर सुरक्षा जागरूकता बढ़ाने में सभी के योगदान की सराहना की।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे https://jantakikalam.com





