chhattisgarhCrimeअपराधछत्तीसगढ़जुर्मरायपुर

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक कांड का 36 घंटे में खुलासा, जाने पूरा मामला…

सुई से लिफाफे में छेद कर प्रश्नपत्र की बनाई वीडियो, 11 हजार में बेचा; प्रोफेसर समेत 6 गिरफ्तार, दो आरोपी अब भी फरार

रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) की बीएससी कृषि द्वितीय वर्ष की कीटशास्त्र (AGCH 221) परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होने के मामले में रायपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना तेलीबांधा की संयुक्त टीम ने घटना के महज 36 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी प्रोफेसर सहित 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

सुई से लिफाफे में छेद, मोबाइल से बनाई प्रश्नपत्र की वीडियो

पुलिस के अनुसार इस पूरे मामले का मुख्य आरोपी भारती एग्रीकल्चर कॉलेज, दुर्ग में पदस्थ प्रोफेसर योगेश सोनकेसरिया (38) है। वह पिछले एक साल से रायपुर कृषि महाविद्यालय से उत्तर पुस्तिकाएं जमा करने और आगामी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र ले जाने का काम कर रहा था।

पुलिस के मुताबिक, 17 अगस्त को आरोपी ने आगामी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र प्राप्त किए। इसके बाद 20 अगस्त को होने वाली कीटशास्त्र परीक्षा का प्रश्नपत्र वह कथित तौर पर अपने घर ले गया। वहां सुई और नुकीले औजार की मदद से लिफाफे में छोटा छेद किया और एंडोस्कोपी कैमरे से प्रश्नपत्र की वीडियो रिकॉर्डिंग कर ली।

इसके बाद यह सामग्री आरोपी ने अपने ही कॉलेज के छात्र अजय नायक को 11 हजार रुपये में बेची। बाद में प्रश्नपत्र अन्य छात्रों और सोशल मीडिया ग्रुप्स में वायरल हो गया।

परीक्षा शुरू होने से पहले मिली लीक की जानकारी

20 अगस्त की सुबह परीक्षा शुरू होने से ठीक पहले कवर्धा कृषि महाविद्यालय के ई-मेल और वरिष्ठ अधिकारियों को प्रश्नपत्र वायरल होने की सूचना मिली। वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं परीक्षा प्रभारी डॉ. एन.आर. रंगारे की शिकायत पर थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 360/26 दर्ज किया गया।

पुलिस के अनुसार वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन और लगातार मॉनिटरिंग में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना तेलीबांधा की संयुक्त टीम ने कार्रवाई शुरू की।

रायपुर, दुर्ग, कबीरधाम और बिलासपुर में छापेमारी

पुलिस ने मामले की जांच के लिए 100 से अधिक टीमों को सक्रिय किया। रायपुर, दुर्ग, कबीरधाम और बिलासपुर में ताबड़तोड़ छापेमारी की गई। साइबर टीम ने व्हाट्सएप और सोशल मीडिया पर वायरल सामग्री की टाइमलाइन का विश्लेषण किया।

जांच के दौरान दुर्ग निवासी अनुज मिंज को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के बाद पुलिस ने कथित तौर पर पूरे नेटवर्क का पता लगाया और अन्य आरोपियों तक पहुंच बनाई।

6 मोबाइल सहित कई सामान जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 11 हजार रुपये नकद, 6 मोबाइल फोन, वीडियो रिकॉर्डिंग डिवाइस, केबल तार, मोबाइल कनेक्टर, सुई, सुजा और फेविकोल सहित अन्य सामग्री जब्त की है।

आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम, 2008 की धारा 4, 5 और 10 तथा बीएनएस की धारा 316 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले में 2 अन्य आरोपी फरार बताए गए हैं, जिनकी तलाश जारी है।

गिरफ्तार आरोपियों में प्रोफेसर और 5 छात्र

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य आरोपी प्रोफेसर योगेश सोनकेसरिया, छात्र अजय नायक, त्रिदेव पटेल, नितिन पाण्डेय, अनुज मिंज और आदित्य साहू शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक योगेश सोनकेसरिया सिवनी (मध्यप्रदेश) का निवासी है और वर्तमान में चंदखुरी, दुर्ग में रह रहा था। अन्य गिरफ्तार आरोपी अलग-अलग जिलों के निवासी हैं और वर्तमान में दुर्ग में रह रहे थे।

मामले की जांच जारी है और फरार दो आरोपियों की तलाश की जा रही है।

 

संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे      https://jantakikalam.com

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button