भविष्य की उड़ान भरने निकले 30 युवा, अहमदाबाद में तलाशेंगे नए अवसर…
2030 के बिजनेस मॉडल से लेकर 2047 के विकसित भारत तक, नवाचार और उद्यमिता की समझ बढ़ाएगा विशेष अध्ययन अभियान

भिलाई। बदलती अर्थव्यवस्था, आधुनिक तकनीक और उभरते कारोबारी अवसरों को करीब से समझने के उद्देश्य से विज़न Gen-Z टीम 30 का दल स्वावलंबी भारत अभियान के सह समन्वयक एवं चेम्बर के प्रदेश महामंत्री अजय भसीन के नेतृत्व में अहमदाबाद के लिए रवाना हुआ। इस विशेष अध्ययन एवं प्रेरणात्मक यात्रा में 30 युवा सहभागी हैं।
अजय भसीन ने बताया कि यात्रा का उद्देश्य युवाओं को 2030 के नए बिजनेस मॉडल, आधुनिक उद्योगों, स्टार्टअप, उद्यमिता, उद्योग नीति, निर्यात नीति और बदलते वैश्विक व्यापार परिदृश्य से परिचित कराना है। इसके साथ ही 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका और भविष्य की चुनौतियों के लिए उनकी तैयारी पर भी मार्गदर्शन दिया जाएगा।
चेयरमैन दिनकर बसोतिया ने बताया कि दल अहमदाबाद स्थित आई-हब यूनिवर्सिटी सहित विभिन्न संस्थानों और व्यावसायिक गतिविधियों का अध्ययन करेगा। इस दौरान प्रतिभागियों को नई तकनीक, नवाचार, स्टार्टअप इकोसिस्टम तथा भविष्य के रोजगार और व्यवसाय की संभावनाओं को प्रत्यक्ष रूप से समझने का अवसर मिलेगा।

अहमदाबाद रवाना होने से पहले दुर्ग रेलवे स्टेशन पर दल का भव्य स्वागत किया गया। स्वागत के दौरान युवाओं में यात्रा को लेकर खासा उत्साह और उमंग नजर आई। दुर्ग-भिलाई, रायपुर, धमतरी, गुंडरदेही, चांपा, तिल्दा सहित विभिन्न जिलों से आए युवाओं ने कहा कि यह सफर केवल पर्यटन तक सीमित नहीं है, बल्कि सीखने, नई सोच विकसित करने और भविष्य की तैयारी करने का अवसर है।
अजय भसीन ने कहा कि यदि युवा समय रहते बदलती अर्थव्यवस्था, तकनीकी बदलाव, उद्योग और व्यापार के नए स्वरूप को समझें, तो वे न केवल अपने लिए रोजगार और व्यवसाय के अवसर तैयार कर सकते हैं, बल्कि 2047 के विकसित भारत के निर्माण में भी प्रभावी योगदान दे सकते हैं।
विज़न Gen-Z टीम 30 का यह अभियान युवाओं में सीखने की जिज्ञासा, नेतृत्व क्षमता, नवाचार और उद्यमिता की भावना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया है।
इस यात्रा में संयोजक विकास जायसवाल, विकास पांचाल, शंकर सचदेव, अमन मिश्रा सहित अनेक युवा साथी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से जानकारी शंकर सचदेव ने दी।




