अपराधभिलाई

बंद मकानों को बनाते थे निशाना, वैशाली नगर पुलिस ने चोर गिरोह का किया पर्दाफाश; 5 आरोपी गिरफ्तार…

भिलाई/ संक्षिप्त विवरण

थाना वैशाली नगर क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के संबंध में पुलिस द्वारा प्रकरणों की विवेचना करते हुए संदिग्ध व्यक्तियों एवं चोरी की सामग्री के संभावित खरीदारों के संबंध में जानकारी एकत्र की गई। विवेचना के दौरान प्राप्त तथ्यों के आधार पर पुलिस द्वारा 05 आरोपियों को हिरासत में लेकर पृथक-पृथक पूछताछ की गई।

पूछताछ में आरोपियों द्वारा दिन एवं रात्रि के समय बंद एवं सुनसान मकानों की रेकी कर ताला तोड़कर घर के अंदर प्रवेश करने तथा सोने-चांदी के आभूषण, नकदी एवं अन्य सामान चोरी करने की जानकारी दी गई। आरोपियों द्वारा मई 2026 में स्कूल के सामने स्थित एक मकान से सोने की कान बाली, चांदी की बिछिया, चांदी की पायल एवं चांदी का करधन चोरी करना स्वीकार किया गया।

इसके अतिरिक्त कैंप क्षेत्र एवं राजीव नगर स्थित मकानों से भी सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने की जानकारी सामने आई। जून एवं जुलाई 2026 के दौरान भी आरोपियों द्वारा बंद मकानों को निशाना बनाकर सोने की अंगूठी, सोने की चेन, चांदी की पायल, चांदी की बिछिया, चांदी का करधन, नकदी एवं गैस सिलेंडर सहित अन्य सामान चोरी करना बताया गया।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों द्वारा चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण अलग-अलग ज्वेलर्स के पास बेचने तथा बिक्री से प्राप्त रकम को आपस में बांटकर खर्च करने की जानकारी दी गई। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की सामग्री एवं वारदात में प्रयुक्त वाहन बरामद किया गया है।

आरोपियों से पूछताछ के दौरान अन्य थाना क्षेत्रों में हुई चोरी की घटनाओं के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई है। बरामदगी एवं अन्य प्रकरणों में आरोपियों की संलिप्तता के संबंध में विवेचना जारी है। सभी आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

मॉडस ऑपरेंडी (अपराध करने का तरीका)

आरोपियों द्वारा दिन एवं रात्रि के समय बंद अथवा सुनसान मकानों की रेकी की जाती थी। मकान के बंद होने की पुष्टि के बाद ताला तोड़कर अंदर प्रवेश कर सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, गैस सिलेंडर एवं अन्य सामान चोरी किया जाता था। चोरी किए गए आभूषणों को अलग-अलग ज्वेलर्स के पास बेचकर प्राप्त रकम को आपस में बांटकर खर्च किया जाता था।

घटना स्थल

थाना वैशाली नगर क्षेत्र के विभिन्न बंद मकान तथा विवेचना में सामने आए कैंप एवं राजीव नगर क्षेत्र के मकान। इसके अतिरिक्त पूछताछ में थाना सुपेला एवं आसपास के थाना क्षेत्रों में भी चोरी की घटनाओं की जानकारी प्राप्त हुई है।

आरोपी का नाम

1. मोहम्मद अनीस खान, उम्र 40 वर्ष, निवासी जेपी नगर, संजय कबाड़ी के पास, कैंप-02, थाना छावनी, जिला दुर्ग।
2. श्रीनिवास शाह, उम्र 35 वर्ष, निवासी शारदा पारा, जेपी चौक, श्रवण किराना के पास, कैंप-02, थाना छावनी, जिला दुर्ग।
3. मोहम्मद इरशाद, उम्र 32 वर्ष, निवासी सां-अवंती बाई चौक, अंबेडकर नगर, सिरसा रोड, कोहका, थाना सुपेला, जिला दुर्ग।
4. एम. चिन्ना राव, उम्र 54 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 19, स्टीलनगर, थाना सुपेला, जिला दुर्ग।
5. शमीन बेगम उर्फ सोना, उम्र 42 वर्ष, निवासी जेपी नगर, संजय कबाड़ी के पास, कैंप-02, थाना छावनी, जिला दुर्ग।

जप्त सामग्री

आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, गैस सिलेंडर एवं अन्य चोरी का सामान तथा चोरी की घटनाओं में प्रयुक्त वाहन बरामद/जप्त किया गया है। बरामद सामग्री का विस्तृत विवरण प्रकरण की जप्ती पत्रक एवं विवेचना अभिलेख में दर्ज है।

सराहनीय कार्य

उक्त कार्यवाही में थाना वैशाली नगर पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम द्वारा विभिन्न चोरी के प्रकरणों को आपस में जोड़ते हुए संदिग्धों से पूछताछ, चोरी की सामग्री के संबंध में जानकारी एकत्र करने तथा आरोपियों की निशानदेही पर बरामदगी की कार्रवाई की गई।

दुर्ग पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि मकान को लंबे समय के लिए बंद रखने की स्थिति में आसपास के विश्वसनीय लोगों को इसकी जानकारी दें तथा घर की सुरक्षा के आवश्यक उपाय करें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। चोरी अथवा अन्य अपराध से संबंधित सूचना मिलने पर पुलिस को सहयोग करें। चोरी की सामग्री की खरीद-फरोख्त करने वालों के विरुद्ध भी नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button