दुर्ग में ट्रैफिक पुलिस का बड़ा एक्शन: नो पार्किंग में खड़ी बाइक क्रेन से उठाई, NH से हटाए भारी वाहन…

दुर्ग दिनांक 05 अगस्त 2026 को वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा जिले के प्रमुख मार्गों एवं बाजार क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने हेतु विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान इंदिरा मार्केट दुर्ग में नो पार्किंग क्षेत्र में खड़े दोपहिया वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही करते हुए क्रेन की सहायता से वाहनों को उठाकर यातायात जोन दुर्ग लाया गया तथा नियमानुसार चालानी कार्यवाही की गई।
वाहन चालकों को सार्वजनिक मार्ग एवं बाजार क्षेत्र में अवैध पार्किंग से होने वाली यातायात बाधा के संबंध में समझाइश भी दी गई। इसी क्रम में राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) पर अवैध रूप से खड़े भारी वाहनों को हटवाया गया। सड़क किनारे खड़े ट्रक एवं अन्य भारी वाहनों के कारण दुर्घटना की संभावना एवं यातायात बाधित होने की स्थिति को देखते हुए संबंधित वाहन चालकों के विरुद्ध कार्यवाही की गई।
यातायात पुलिस द्वारा डबरापारा एवं हथखोज क्षेत्र में ट्रांसपोर्ट संचालकों एवं वाहन मालिकों को मुख्य मार्ग पर वाहन खड़ा नहीं करने, निर्धारित पार्किंग स्थल का उपयोग करने तथा यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई।
साथ ही चंद्रा-मौर्या से सुपेला चौक तक सर्विस रोड पर नगर निगम एवं संबंधित थाना के सहयोग से अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की गई, जिससे आम नागरिकों एवं वाहन चालकों को सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध हो सके।
अपील :-
यातायात पुलिस दुर्ग ने नागरिकों एवं वाहन चालकों से अपील की है कि वे सड़क पर नो पार्किंग क्षेत्रों में वाहन खड़ा न करें, मुख्य मार्गों पर अतिक्रमण न करें तथा यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। भविष्य में भी इस प्रकार की कार्यवाही लगातार जारी रहेगी।




