राजहरा माइंस अस्पताल में 26वें मेगा मेडिकल कैंप का आयोजन, 560 मरीजों ने विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं का लिया लाभ

सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के राजहरा माइंस अस्पताल में 1 अगस्त 2026 को 26वें मेगा मेडिकल कैंप का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य राजहरा माइंस एवं आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों को उनके घर के निकट विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना था। शिविर में विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों की बहु-विषयक टीम ने व्यापक स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श एवं आवश्यक चिकित्सा सेवाएं प्रदान कीं।
इस मेगा मेडिकल कैंप के सफल आयोजन में मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं अस्पताल प्रमुख डॉ. उदय कुमार, पूर्व मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं अस्पताल प्रमुख (एम एंड एचएस) डॉ. कौशलेंद्र ठाकुर, मुख्य महाप्रबंधक (राजहरा माइंस) आर. बी. गहरवार तथा सहायक महाप्रबंधक (कार्मिक) तुषार रॉयचौधरी के मार्गदर्शन एवं सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
शिविर में हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. चंदन दास, मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. प्रमोद बिनायके, दर्द प्रबंधन विशेषज्ञ डॉ. तनुजा आनंद, अस्थि एवं जोड़ रोग विशेषज्ञ डॉ. इमैनुएल मैसी, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. कौशिक किशोर, प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. निशा ठाकुर, नेत्र शल्य चिकित्सक डॉ. दीपाली गुप्ता, सामान्य शल्य चिकित्सक डॉ. राजशेखर, त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. शशांक अग्रवाल तथा ईएनटी शल्य चिकित्सक डॉ. प्रियंका शिलिंग शिवप्पा ने विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाएं प्रदान कीं।
इनके साथ अस्थि रोग विभाग के डीएनबी रेजिडेंट डॉ. रायहान, प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग की डीएनबी रेजिडेंट डॉ. सोनाली, नेत्र विज्ञान की डीएनबी रेजिडेंट डॉ. श्रीष्टि, मेडिसिन की डीएनबी रेजिडेंट डॉ. पूर्णिमा, ईएनटी के डीएनबी रेजिडेंट डॉ. प्रांशु, फिजियोथेरेपिस्ट जयभास्कर तथा सहायक प्रबंधक जितेंद्र अजमीरा एवं श्रीमती सुषमा रोकड़े ने भी शिविर के सफल संचालन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
शिविर के दौरान कुल 560 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श किया गया। इसके अतिरिक्त अस्थि रोग विभाग द्वारा 8 इंट्रा-आर्टिकुलर इंजेक्शन लगाए गए तथा 5 मरीजों का प्लास्टर किया गया। शिविर में आवश्यक दवाइयां एवं चिकित्सकीय परामर्श भी उपलब्ध कराया गया। शिविर को सफल बनाने में राजहरा माइंस अस्पताल के चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ तथा सहयोगी कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
उल्लेखनीय है कि लगभग 26 माह पूर्व राजहरा माइंस अस्पताल में मरीजों को उन्नत एवं विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पूर्व मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं अस्पताल प्रमुख डॉ. कौशलेंद्र ठाकुर की पहल पर नियमित मासिक मेगा मेडिकल कैंप प्रारंभ किए गए थे।
इन शिविरों के माध्यम से सेक्टर-9 अस्पताल, भिलाई के सुपर स्पेशलिस्ट एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा राजहरा माइंस तथा आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को विशेषज्ञ परामर्श एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। पिछले दो वर्षों से अधिक समय से आयोजित हो रहे इन शिविरों से बड़ी संख्या में मरीज लाभान्वित हुए हैं।




