दुर्ग

नाबालिग वाहन चालकों पर दुर्ग पुलिस का बड़ा अभियान, 2 दिन में 600+ वाहनों की जांच, 37 अभिभावकों से भरवाया गया वचन-पत्र…

दुर्ग/ नाबालिग वाहन चालकों के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण एवं सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा जिलेभर में विशेष अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में आज दिनांक 27 जुलाई 2026 को दुर्ग-भिलाई क्षेत्र के 37 नाबालिग वाहन चालकों के अभिभावकों की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में अभिभावकों को बताया गया कि नाबालिग बच्चों द्वारा वाहन चलाना न केवल मोटरयान अधिनियम का उल्लंघन है, बल्कि इससे स्वयं बच्चे एवं अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं के जीवन पर भी गंभीर खतरा उत्पन्न होता है। उन्हें नाबालिग वाहन संचालन से संबंधित कानूनी प्रावधानों, दंडात्मक कार्यवाही तथा सड़क दुर्घटनाओं के संभावित परिणामों की विस्तार से जानकारी दी गई।

बैठक के दौरान सभी अभिभावकों से वचन-पत्र भरवाया गया, जिसमें उन्होंने यह आश्वासन दिया कि भविष्य में वे अपने नाबालिग बच्चों को बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के किसी भी प्रकार का वाहन चलाने की अनुमति नहीं देंगे तथा उन्हें यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करेंगे।

यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा विगत 2 दिनों में 600 से अधिक वाहनों की सघन जांच की गई। इस दौरान 67 नाबालिग वाहन चालकों के पालकों को बुलाकर समझाइश दी गई तथा चेतावनी दी गई कि भविष्य में पुनः ऐसी स्थिति पाए जाने पर मोटरयान अधिनियम के तहत नियमानुसार कठोर कार्यवाही की जाएगी।

यातायात पुलिस दुर्ग केवल प्रवर्तन तक सीमित न रहकर जागरूकता पर भी विशेष बल दे रही है। लगातार जिले के विभिन्न स्कूलों में जाकर स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं पालकों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। विद्यार्थियों को स्पष्ट रूप से बताया जा रहा है कि बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाना कानूनन अपराध है। 18 वर्ष की आयु पूर्ण होने एवं वैध ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त करने के बाद ही वाहन चलाएं तथा हेलमेट, सीट बेल्ट, निर्धारित गति सीमा एवं अन्य सभी यातायात नियमों का पालन करें।

अपील :-

यातायात पुलिस दुर्ग आमजन एवं अभिभावकों से अपील करती है कि बच्चों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए उन्हें बिना लाइसेंस वाहन चलाने की अनुमति न दें। आपकी एक छोटी-सी सावधानी किसी परिवार को सड़क दुर्घटना से बचा सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button