दुर्ग

सुगम यातायात व्यवस्था हेतु दुर्ग पुलिस की व्यापक पहल:- सिविक सेंटर, सुपेला, आकाशगंगा, इंदिरा मार्केट एवं खुर्सीपार से कुम्हारी तक व्यापारियों व चालकों को समझाईश दी गयी

 दुर्ग संक्षिप्त विवरण :-

जिला दुर्ग के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों एवं राष्ट्रीय राजमार्ग के सर्विस रोड पर यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित एवं सुचारू बनाने के उद्देश्य से दुर्ग यातायात पुलिस द्वारा एक व्यापक अभियान चलाया गया। इस दौरान शहर के व्यस्ततम बाजारों से लेकर हाईवे के सर्विस लेन तक के दुकानदारों, व्यापारियों, वाहन मालिकों तथा चालकों की महत्वपूर्ण बैठकें ली गईं।

इसी क्रम में यातायात पुलिस टीम द्वारा सिविक सेंटर, सुपेला मार्केट, आकाशगंगा क्षेत्र एवं इंदिरा मार्केट के दुकानदारों व व्यापारियों के साथ बैठक की गई। बैठक में दुकानों के सामने नो-पार्किंग में वाहन खड़े होने से लगने वाले जाम और आम जनता को होने वाली असुविधा से अवगत कराया गया। दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे अपनी दुकानों के सामने ग्राहकों को अव्यवस्थित वाहन खड़े न करने दें।

इसके साथ ही, ओल्ड भिलाई ट्रैफिक जोन द्वारा खुर्सीपार से लेकर कुम्हारी तक रोड किनारे सर्विस लेन में स्थित समस्त दुकानों के संचालकों के साथ ‘वन टू वन’ (व्यक्तिगत) मीटिंग की गई। सर्विस रोड पर गाड़ियों के अवैध रूप से खड़े रहने के कारण होने वाली दुर्घटनाओं व यातायात में बाधा के संबंध में व्यापारियों को जागरूक किया गया। दुकानदारों से अपील की गई कि वे दुकानों के सामने खड़े अवैध वाहनों को हटवाने में पुलिस का सहयोग करें। इस दौरान मौके पर खड़े वाहन मालिकों एवं ड्राइवरों को भी यातायात नियमों की समझाइश देते हुए पुलिस का सहयोग करने का आह्वान किया गया।

*कार्ययोजना (यातायात प्रबंधन तरीका) :-

व्यापारी संवाद व ‘वन टू वन’ मीटिंग: प्रमुख बाजारों एवं खुर्सीपार-कुम्हारी सर्विस रोड के प्रत्येक दुकानदार से सीधा संपर्क कर नो-पार्किंग व सर्विस लेन को अतिक्रमण मुक्त रखने की अपील की गई।

चालकों को जागरूकता व चेतावनी: – नो-पार्किंग तथा सर्विस लेन में अवैध रूप से खड़े वाहनों के मालिकों व ड्राइवरों को मौके पर ही नियमों की जानकारी देकर समझाइश दी गई।

*यातायात जागरूकता कार्यक्रम :-

यातायात पुलिस दुर्ग एवं दिशा सामाजिक संस्था द्वारा आज दिनांक 26 जुलाई 2026 को रेल चौक, सेक्टर-7, भिलाई में संयुक्त रूप से सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जनजागरूकता अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले, बिना सीट बेल्ट चारपहिया वाहन चलाने वाले तथा दोपहिया वाहन पर तीन सवारी बैठाकर वाहन चलाने वाले चालकों को रोककर यातायात नियमों की जानकारी दी गई। उन्हें समझाया गया कि यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी दायित्व नहीं, बल्कि स्वयं एवं अन्य लोगों के जीवन की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है।

वाहन चालकों को हेलमेट एवं सीट बेल्ट का नियमित उपयोग करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा सड़क पर अनुशासित एवं जिम्मेदारीपूर्वक वाहन चलाने की सलाह दी गई। साथ ही यह भी बताया गया कि छोटी-सी लापरवाही गंभीर सड़क दुर्घटना का कारण बन सकती है।

अभियान के दौरान अभिभावकों से विशेष अपील की गई कि वे किसी भी परिस्थिति में नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने के लिए वाहन उपलब्ध न कराएं। इसके अतिरिक्त सभी वाहन चालकों को शराब अथवा किसी भी प्रकार का नशा कर वाहन नहीं चलाने की समझाइश दी गई तथा बताया गया कि नशे की अवस्था में वाहन चलाना स्वयं के साथ-साथ अन्य लोगों के जीवन को भी खतरे में डालता है।

दुर्ग पुलिस की अपील :-

दुर्ग पुलिस समस्त व्यापारियों, दुकानदारों, वाहन मालिकों एवं चालकों से अपील करती है कि अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करें। सर्विस लेन एवं दुकानों के सामने नो-पार्किंग में वाहन खड़े करने से बचें। सुगम, सुरक्षित एवं दुर्घटना-मुक्त आवागमन सुनिश्चित करने के लिए दुर्ग पुलिस का सहयोग करें।यातायात पुलिस दुर्ग ने आम नागरिकों से अपील की कि “यातायात नियमों का पालन अपनी सुरक्षा, अपने परिवार की खुशहाली और समाज की सुरक्षा के लिए करें। सुरक्षित चलें, सुरक्षित पहुँचें।”

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button