अन्‍यभिलाई

बीएसपी प्रवर्तन विभाग की जून माह में विशेष कार्रवाई, 34 आवास एवं 8 भूखंड कराए गए अतिक्रमण मुक्त

सेल- भिलाई इस्पात संयंत्र के नगर सेवाएँ विभाग के प्रवर्तन अनुभाग ने जून-2026 के दौरान अतिक्रमण हटाने, अनधिकृत कब्जों को रिक्त कराने तथा सड़क एवं यातायात सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से व्यापक अभियान चलाते हुए उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल की हैं। इस अवधि में प्रवर्तन विभाग ने कुल 34 आवास रिक्त कराए, जिनमें से 8 आवासों के संबंध में संपदा न्यायालय द्वारा डिक्री पारित की जा चुकी थी।

प्रवर्तन विभाग ने सतत कार्रवाई के तहत 8 भूखंडों को भी अवैध कब्जे से मुक्त कराया, जिनका कुल क्षेत्रफल लगभग 7000 वर्गफीट है। इनमें अधिकांश भूखंड व्यवसायिक क्षेत्रों में स्थित थे। इसके अतिरिक्त निरंतर प्रयासों के परिणामस्वरूप एक दुकान को भी अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया।

अभियान के दौरान 10 दुकानों, आवासों एवं अन्य भवनों की विद्युत आपूर्ति विभिन्न कारणों से विच्छेदित कराने में भी प्रवर्तन विभाग ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। साथ ही, 80 आवासों की रिक्तीकरण प्रक्रिया के दौरान सिविल अभियांत्रिकी विभाग को आवश्यक सहयोग प्रदान किया गया।

जून माह में सड़क एवं यातायात सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दो विशेष अभियान भी संचालित किए गए। प्रथम अभियान के अंतर्गत प्रमुख मार्गों से 400 से अधिक अनधिकृत बैनर एवं पोस्टर हटाए गए तथा 5 होर्डिंग संरचनाओं को हटाया गया। दूसरे अभियान के तहत एक मार्केट क्षेत्र के चौक एवं मुख्य मार्ग से अनधिकृत रूप से रखी गई अतिरिक्त सामग्री तथा शेड के अवैध विस्तार को हटाकर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाया गया।

प्रवर्तन विभाग की कार्रवाई की विशेषता यह रही कि अनधिकृत कब्जों को हटाने के लिए कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ प्रभावी संवाद, सतत काउंसिलिंग एवं समझाइश की प्रक्रिया को भी प्राथमिकता दी गई। इसी सकारात्मक पहल के परिणामस्वरूप चालू वित्तीय वर्ष में अप्रैल से जून-2026 के दौरान 21 बीएसपी अधिकारियों के रिटेंशन आवास भी स्वैच्छिक रूप से रिक्त कराए जा चुके हैं।

यह संपूर्ण अभियान महाप्रबंधक प्रभारी (नगर सेवाएँ) ए. बी. श्रीनिवास के मार्गदर्शन तथा सहायक महाप्रबंधक (प्रवर्तन) रेमी थॉमस के नेतृत्व में संचालित किया गया। अभियान के सफल क्रियान्वयन में उप प्रबंधक (प्रवर्तन) मुकुन्द दास मानिकपुरी, सहायक प्रबंधक (प्रवर्तन) देवानंद चौहान, संपदा निरीक्षक श्री भगवान, रमाकांत यादव, श्री राममूर्ति, लल्लन सिंह, बलराम शुक्ला, अजय मिश्रा, कुद्बुद्दीन कुरैशी, ज्ञानचंद जैन, नीरज बाली, राम सहित सुरक्षा कर्मियों की टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे

https://jantakikalam.com

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button