अटल टिंकरिंग लैब के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित…

भिलाई इस्पात संयंत्र के जनसंपर्क विभाग द्वारा दिनांक 24 जून 2026 को सेक्टर-10 स्थित सीनियर सेकंडरी स्कूल में अटल टिंकरिंग लैब (एटीएल) के विद्यार्थियों द्वारा सौंपे गए प्रोजेक्ट के सफलतापूर्वक पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों की नवाचार क्षमता, तकनीकी दक्षता एवं उपलब्धियों को प्रोत्साहित करना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महाप्रबंधक (शिक्षा) सुश्री शिखा दुबे उपस्थित रहीं। इस अवसर पर महाप्रबंधक प्रभारी (सम्पर्क, प्रशासन एवं जनसंपर्क) अमूल्य प्रियदर्शी, उप महाप्रबंधक (सम्पर्क, प्रशासन एवं जनसंपर्क) श्रीमती अपर्णा चंद्रा, सहायक महाप्रबंधक (जनसंपर्क) जवाहर बाजपेयी तथा उप प्रबंधक (जनसंपर्क) सुश्री शालिनी चौरसिया सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान अटल टिंकरिंग लैब के पूर्व सदस्य एवं राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) के लिए चयनित नेत्रांश साहू तथा भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मुंबई में चयनित कुणाल देवांगन ने अपने अनुभव साझा किए।
उन्होंने बताया कि एटीएल ने उनकी रचनात्मक सोच, तकनीकी कौशल तथा आत्मविश्वास के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। एटीएल के मेंटर एवं वरिष्ठ व्याख्याता (गणित) तरुण कुमार साहू ने विद्यार्थियों द्वारा राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्राप्त उपलब्धियों की जानकारी दी।
अपने संबोधन में महाप्रबंधक (शिक्षा) सुश्री शिखा दुबे तथा महाप्रबंधक प्रभारी (सम्पर्क प्रशासन, एवं जनसंपर्क) अमूल्य प्रियदर्शी ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की तथा उन्हें नवाचार एवं उत्कृष्टता की दिशा में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने एटीएल के मेंटर तरुण कुमार साहू के मार्गदर्शन की भी प्रशंसा की और विद्यार्थियों को तकनीकी रूप से दक्ष होने के साथ-साथ संवेदनशील एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया।
इस अवसर पर अभिजय चौधरी, अलौकिक चौधरी एवं अमीन खान को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। साथ ही एटीएल के मेंटर तरुण कुमार साहू को भी विद्यार्थियों के मार्गदर्शन एवं नवाचार संस्कृति को प्रोत्साहित करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के लिए सम्मानित किया गया।
महाप्रबंधक (शिक्षा) सुश्री शिखा दुबे तथा सीनियर सेकंडरी स्कूल, सेक्टर-10 की प्राचार्य सुश्री सुमिता सरकार को विद्यार्थियों के मार्गदर्शन एवं सहयोग के लिए प्रशंसा प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम का संचालन उप महाप्रबंधक (जनसंपर्क) श्रीमती अपर्णा चंद्रा ने किया व धन्यवाद ज्ञापन प्राचार्य सुश्री सुमिता सरकार द्वारा किया गया।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




