
सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में पुलिस विभाग द्वारा बस्तर फाइटर आरक्षक के 375 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की जा रही है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय सुकमा की ओर से जारी भर्ती विज्ञापन के अनुसार जिले के केवल स्थानीय निवासी अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक उम्मीदवार 2 नवंबर 2026 से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 12 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है।
375 पदों पर होगी भर्ती
जारी विज्ञापन के अनुसार कुल 375 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें वर्गवार पदों का विवरण इस प्रकार है।
- अनारक्षित वर्ग : 26 पद
- अन्य पिछड़ा वर्ग : 26 पद
- अनुसूचित जाति : 8 पद
- अनुसूचित जनजाति : 315 पद
शासन के निर्देशानुसार रिक्त पदों की संख्या में परिवर्तन भी किया जा सकता है।
वेतनमान और आरक्षण
चयनित अभ्यर्थियों को शासन द्वारा स्वीकृत वेतन मैट्रिक्स के लेवल-4 के अंतर्गत वेतन एवं समय-समय पर देय भत्ते प्रदान किए जाएंगे। भर्ती में भूतपूर्व सैनिकों के लिए 10 प्रतिशत, महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत, नगर सैनिकों के लिए 25 प्रतिशत, सहायक आरक्षकों के लिए 15 प्रतिशत तथा पूर्व अग्निवीर सैनिकों के लिए 10 प्रतिशत समस्तरीय आरक्षण का प्रावधान किया गया है।
आयु सीमा और शैक्षणिक योग्यता
अभ्यर्थी की आयु 1 जनवरी 2026 की स्थिति में न्यूनतम 18 वर्ष और अधिकतम 28 वर्ष होनी चाहिए। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों को अधिकतम आयु सीमा में 5 वर्ष की छूट मिलेगी। स्थानीय महिला अभ्यर्थियों के लिए अधिकतम आयु सीमा में 10 वर्ष तक की छूट का प्रावधान है।
शैक्षणिक योग्यता के तहत छत्तीसगढ़ अथवा मध्यप्रदेश राज्य स्थित विद्यालय से 10वीं कक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। हालांकि अनुसूचित जनजाति वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 5वीं उत्तीर्ण होने पर भी पात्रता रहेगी। इसी प्रकार नक्सल पीड़ित परिवारों और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के राहत शिविरों में निवासरत परिवारों के सभी वर्गों के अभ्यर्थी 5वीं उत्तीर्ण होने पर आवेदन कर सकेंगे।
निर्धारित शारीरिक मापदंड
भर्ती विज्ञापन में पुरुष एवं महिला अभ्यर्थियों के लिए अलग-अलग शारीरिक मापदंड निर्धारित किए गए हैं।
पुरुष अभ्यर्थियों की ऊंचाई:
- अनारक्षित, अनुसूचित जाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग : 163 सेमी
- अनुसूचित जनजाति : 150 सेमी
महिला अभ्यर्थियों की ऊंचाई:
- अनारक्षित, अनुसूचित जाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग : 153 सेमी
- अनुसूचित जनजाति : 148 सेमी
पुरुष अभ्यर्थियों के लिए सामान्य वर्ग में बिना फुलाए सीना 79 सेमी तथा फुलाने पर 84 सेमी होना चाहिए। अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थियों के लिए यह माप क्रमशः 74 और 79 सेमी निर्धारित है। सभी पुरुष अभ्यर्थियों के लिए कम से कम 5 सेमी सीना फुलाना अनिवार्य होगा। महिला अभ्यर्थियों को सीने की माप से छूट रहेगी।
पांच चरणों में होगी चयन प्रक्रिया
बस्तर फाइटर आरक्षक भर्ती के लिए चयन प्रक्रिया में दस्तावेज सत्यापन, शारीरिक मापजोख, शारीरिक दक्षता परीक्षा, लिखित परीक्षा और साक्षात्कार शामिल होंगे।
शारीरिक दक्षता परीक्षा : इसमें लंबी कूद, ऊंची कूद, गोला फेंक, 100 मीटर दौड़ और 800 मीटर दौड़ शामिल हैं। प्रत्येक प्रतियोगिता के लिए 20 अंक निर्धारित हैं। इस प्रकार कुल 100 अंकों की शारीरिक दक्षता परीक्षा होगी। प्रत्येक प्रतियोगिता में अभ्यर्थियों को केवल एक अवसर दिया जाएगा। अनारक्षित वर्ग के लिए 60 प्रतिशत तथा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 50 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य होगा।
लिखित परीक्षा : विज्ञापित पदों की संख्या के अधिकतम 15 गुना अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा के लिए आमंत्रित किया जाएगा। परीक्षा 50 अंकों की होगी। इसमें सामान्य ज्ञान, बुद्धि क्षमता, विश्लेषण क्षमता, स्थानीय भौगोलिक संरचना, संस्कृति, परंपरा, सामाजिक मूल्य एवं अंकगणित से संबंधित वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे।
साक्षात्कार : लिखित परीक्षा में निर्धारित कटऑफ अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए बुलाया जाएगा। साक्षात्कार के अधिकतम 20 अंक निर्धारित हैं। इसके लिए विज्ञापित पदों की संख्या के अधिकतम तीन गुना अभ्यर्थियों को आमंत्रित किया जाएगा।
बोनस अंक : मोटर वाहन चालन का वैध लाइसेंस रखने पर 5 अंक, एनसीसी ‘सी’ प्रमाण पत्र अथवा एनएसएस का ‘सी’ प्रमाण पत्र होने पर 5 अंक और जिले की स्थानीय बोली का ज्ञान होने पर 20 अंक बोनस के रूप में दिए जाएंगे। इस प्रकार अधिकतम 30 बोनस अंक निर्धारित हैं।
यहां जमा कर सकते हैं आवेदन
इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित आवेदन प्रारूप में आवेदन पत्र भरकर कार्यालयीन समय में निम्नलिखित स्थानों पर जमा कर सकते हैं।
- कार्यालय पुलिस अधीक्षक, जिला सुकमा।
- अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) कार्यालय, सुकमा।
- अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) कार्यालय, दोरनापाल।
- अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) कार्यालय, कोण्टा।
- अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) कार्यालय, जगरगुंडा।
- अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) कार्यालय, मरईगुड़ा।
डाक से आवेदन भेजने वाले अभ्यर्थियों को पंजीकृत डाक के माध्यम से आवेदन भेजना होगा। आवेदन अंतिम तिथि तक पुलिस अधीक्षक कार्यालय सुकमा में कार्यालयीन समय के दौरान प्राप्त होना अनिवार्य है। डाक की पावती रसीद भी अभ्यर्थी को भर्ती के निर्धारित दिन अपने साथ लेकर उपस्थित होना होगा।
महत्वपूर्ण तिथियां:
- आवेदन प्रारंभ : 2 नवंबर 2026
- आवेदन की अंतिम तिथि : 12 दिसंबर 2026
- आवेदन स्वीकार करने का अंतिम समय : शाम 5 बजे तक
भर्ती से संबंधित विस्तृत नियम, आवेदन प्रारूप एवं अन्य जानकारी सुकमा पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट https://sukma.cgpolice.gov.in तथा जिला प्रशासन की वेबसाइट www.sukma.gov.in पर उपलब्ध है। अभ्यर्थी छत्तीसगढ़ पुलिस की वेबसाइट https://cgpolice.gov.in का भी नियमित अवलोकन कर सकते हैं।
नोट: भर्ती विज्ञापन 1 नवंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक, जिला सुकमा द्वारा जारी किया गया है।
इन खबरों का लाभ लेने के लिए अपने परिचितों को फॉरवर्ड करना ना भूलें।




