रावघाट खदान में जनजातीय गौरव दिवस की धूम, बिरसा मुंडा के संघर्ष और जनजातीय संस्कृति को किया नमन…
खोडगांव में आयोजित कार्यक्रम में 23 गांवों के गायता, पटेल और पुजारियों सहित जनजातीय समाज के लोगों ने की सहभागिता

नारायणपुर। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र की रावघाट खदान द्वारा ग्राम खोडगांव, जिला नारायणपुर में जनजातीय गौरव दिवस उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। जनपद अध्यक्ष पिंकी उसेंडी के मुख्य आतिथ्य में आयोजित इस कार्यक्रम में जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत, समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और राष्ट्र निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद किया गया।

कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि मंगाउ राम कवाड़े एवं ग्राम खोडगांव की सरपंच चैते नुरेटी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। आयोजन में क्षेत्र के लगभग आठ गांवों के सरपंचों तथा 23 गांवों के गायता, पटेल एवं पुजारियों सहित जनजातीय समाज के गणमान्य नागरिकों, ग्रामीणों, स्कूली बच्चों और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
बिरसा मुंडा के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान बिरसा मुंडा के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। स्वागत उद्बोधन में भिलाई इस्पात संयंत्र के उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन) एवं रावघाट खदान के प्रतिनिधि डॉ. यशवंत कुमार साहू ने आयोजन की पृष्ठभूमि और उद्देश्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत तथा बिरसा मुंडा के आदर्शों का स्मरण करते हुए जनजातीय गौरव दिवस जैसे आयोजनों के महत्व को रेखांकित किया।
जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास के लिए सामूहिक सहभागिता जरूरी
मुख्य अतिथि जनपद अध्यक्ष पिंकी उसेंडी ने अपने संबोधन में जनजातीय गौरव दिवस जैसे आयोजनों को निरंतर आयोजित किए जाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने जनजातीय समाज एवं क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विचार व्यक्त करते हुए सर्वांगीण विकास के लिए सामूहिक सहयोग और सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।

मुख्य वक्ता मंगाउ राम कवाड़े ने भगवान बिरसा मुंडा के प्रेरणादायी जीवन, सामाजिक योगदान और स्वतंत्रता आंदोलन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने जनजातीय समाज के ऐतिहासिक संघर्ष एवं वर्तमान चुनौतियों का उल्लेख करते हुए समाज के लोगों से एकजुट रहने, अपने स्वाभिमान को बनाए रखने और अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
गोंडी भाषा में वक्ताओं ने दिया एकजुटता का संदेश
इस अवसर पर रावघाट खदान के सहायक महाप्रबंधक उपेंद्र सिंह ने जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं एवं गौरवशाली विरासत का उल्लेख किया। उन्होंने बिरसा मुंडा के प्रेरणादायी व्यक्तित्व, संघर्ष और ऐतिहासिक योगदान को याद किया।
कार्यक्रम में स्थानीय वक्ता लखन नुरेठी एवं अविनाश बारसा ने गोंडी भाषा में अपने विचार रखे। उन्होंने बिरसा मुंडा के सामाजिक एवं ऐतिहासिक योगदान को स्मरण करते हुए जनजातीय समाज से अपनी सांस्कृतिक पहचान बनाए रखने और एकजुट रहने का संदेश दिया। वक्ताओं ने रावघाट खदान द्वारा क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकासात्मक एवं सामाजिक गतिविधियों की भी सराहना की।
जनजातीय समाज के गणमान्य नागरिकों और कर्मचारियों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनजातीय समाज के गणमान्य नागरिकों को शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही रावघाट खदान में कार्यरत जनजातीय समाज के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी विशेष रूप से सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की गई।
कार्यक्रम का संचालन रावघाट खदान के अतिरिक्त श्रम कल्याण अधिकारी दौलत राम पोयाम ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन उप महाप्रबंधक (रावघाट खदान) सचिन रंगारी ने प्रस्तुत किया। आयोजन में जनजातीय समाज की गौरवशाली परंपराओं, सांस्कृतिक पहचान और भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों को आत्मसात करने का संदेश दिया गया।
इन खबरों का लाभ लेने के लिए अपने परिचितों को फॉरवर्ड करना ना भूलें।




