11 महीने से बिजली बिल ₹0, 3 किलोवाट सोलर प्लांट ने बदली दुर्ग के उपभोक्ता की कहानी…
ग्राम धनोरा के रामचंद्र नागवंशी ने बताया सोलर रूफटॉप का फायदा, 4,500 यूनिट बिजली का उत्पादन

दुर्ग । केंद्र और छत्तीसगढ़ सरकार की ‘पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ दुर्ग जिले में उपभोक्ताओं के लिए आर्थिक राहत का माध्यम बन रही है। ग्राम धनोरा के सरोजनी नगर निवासी रामचंद्र नागवंशी ने अपने घर में 3 किलोवाट का सोलर रूफटॉप प्लांट लगाकर पिछले 11 महीनों से शून्य बिजली बिल प्राप्त किया है। उनके अनुभव के अनुसार, सोलर सिस्टम लगाने के बाद न केवल घरेलू बिजली खर्च में कमी आई, बल्कि अतिरिक्त बिजली का उत्पादन कर उसे नेट मीटरिंग के माध्यम से बिजली विभाग को भी भेजा जा रहा है।
1.08 लाख की सब्सिडी सीधे बैंक खाते में पहुंची
रामचंद्र नागवंशी ने सितंबर 2025 में अपने आवासीय परिसर में 3 किलोवाट क्षमता का सोलर रूफटॉप पैनल स्थापित करवाया था। उनके अनुसार, सोलर पैनल लगाने के महज 8 से 10 दिनों के भीतर 1,08,000 की सब्सिडी सीधे उनके बैंक खाते में ट्रांसफर कर दी गई।
पहले 1,500-1,600 का बिल, अब लगातार 11 महीने से शून्य
नागवंशी ने बताया कि सोलर सिस्टम लगने से पहले उनके घर का औसत मासिक बिजली बिल करीब 1,500 से 1,600 आता था। सोलर प्लांट स्थापित होने के बाद पिछले 11 महीनों से उनका बिजली बिल शून्य आ रहा है। इससे उनके घरेलू खर्च में नियमित बचत हो रही है।
3 किलोवाट प्लांट ने पैदा की करीब 4,500 यूनिट बिजली
उपभोक्ता के अनुसार सितंबर 2025 से अब तक उनके 3 किलोवाट सोलर प्लांट से करीब 4,500 यूनिट बिजली का उत्पादन हुआ है। इसमें से लगभग 4,000 यूनिट अतिरिक्त बिजली नेट मीटरिंग के जरिए संबंधित बिजली विभाग को सप्लाई की जा चुकी है।
इतना ही नहीं, 11 महीनों तक बिजली बिल शून्य रहने के बावजूद अतिरिक्त बिजली की आपूर्ति के एवज में उपभोक्ता के खाते में करीब 3,500 की क्रेडिट राशि भी जमा है। यह राशि भविष्य के बिजली बिलों में नियमानुसार समायोजित होती जाएगी।
नागरिकों से योजना का लाभ लेने की अपील
अपने अनुभव को साझा करते हुए रामचंद्र नागवंशी ने दुर्ग जिले सहित पूरे छत्तीसगढ़ के नागरिकों से ‘पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा का उपयोग घरेलू बिजली खर्च को कम करने के साथ ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में भी मददगार साबित हो सकता है।
दुर्ग जिले का यह उदाहरण बताता है कि रूफटॉप सोलर सिस्टम के जरिए घरेलू बिजली की जरूरत पूरी करने के साथ अतिरिक्त ऊर्जा का उत्पादन भी किया जा सकता है। योजना का उद्देश्य सौर ऊर्जा को बढ़ावा देना और अधिक से अधिक घरों को स्वच्छ ऊर्जा से जोड़ना है।
इन खबरों का लाभ लेने के लिए अपने परिचितों को फॉरवर्ड करना ना भूलें।
सोशल मीडिया लिंक
https://www.facebook.com/
https://twitter.com/
https://instagram.com/
https://whatsapp.com/channel/
खबरों की अपडेट पाने के लिये subscribe करे
www.jantakikalam.com.




