bhilai-steel-plantBlogअन्‍यछत्तीसगढ़भिलाई

बीएमडीसी में AI की पाठशाला, कर्मचारियों ने सीखे स्मार्ट वर्किंग के नए तरीके…

23 प्रतिभागियों ने लिया प्रशिक्षण, अप्रेंटिस युवाओं ने AI प्रोजेक्ट्स से दिखाया तकनीक का व्यावहारिक इस्तेमाल

भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र के एचआर-एलएंडडी विभाग ने बदलते कार्य परिवेश के अनुरूप कर्मचारियों को नई तकनीकों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। 7 सितंबर 2026 को भिलाई मैनेजमेंट डेवलपमेंट सेंटर (BMDC) में ‘AI at Workplace’ विषय पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें एचआर-एलएंडडी के कर्मचारियों के साथ ट्रेड अप्रेंटिस और ग्रेजुएट अप्रेंटिस सहित कुल 23 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम का उद्देश्य कार्यस्थल पर Artificial Intelligence के व्यावहारिक उपयोग को बढ़ावा देना और कर्मचारियों में एआई आधारित कार्यप्रणालियों को अपनाने की क्षमता विकसित करना रहा।

बदलती तकनीक के साथ अपडेट रहना जरूरी

कार्यक्रम का शुभारंभ कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) पवन कुमार ने किया। उन्होंने तेजी से बदलते कार्य परिवेश में एआई से जुड़े कौशल को लगातार विकसित करने और नई तकनीकों के साथ स्वयं को अपडेट रखने के महत्व पर जोर दिया।

उन्होंने कर्मचारियों को युवाओं से सीखने तथा तकनीक अपनाने के प्रति उनकी उत्सुकता, रचनात्मकता और डिजिटल दक्षता का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

HR-L&D में AI आधारित पहलों की जानकारी

कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए महाप्रबंधक प्रभारी एवं विभागाध्यक्ष (एचआर-एलएंडडी) संजीव कुमार श्रीवास्तव ने विभाग में एआई के उपयोग से संचालित विभिन्न पहलों और गतिविधियों की जानकारी दी।

उन्होंने एआई आधारित कार्यों एवं परियोजनाओं की प्रगति साझा करते हुए कर्मचारियों के बीच AI Skills Development की आवश्यकता को रेखांकित किया।

अप्रेंटिस युवाओं का AI Project Showcase बना आकर्षण

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण ‘AI-Based Project Showcase’ रहा। बीएमडीसी में पदस्थ ट्रेड अप्रेंटिस और ग्रेजुएट अप्रेंटिस ने एआई टूल्स की मदद से तैयार किए गए विभिन्न व्यावहारिक कार्यों और परियोजनाओं का प्रदर्शन किया।

युवा प्रशिक्षुओं ने प्रस्तुतियों के माध्यम से बताया कि एआई का इस्तेमाल किस तरह कार्यस्थल की समस्याओं के समाधान, कार्यों के ऑटोमेशन और कार्य-दक्षता बढ़ाने में किया जा सकता है।

एआई आधारित परियोजनाओं का प्रदर्शन वैभव लक्ष्मी दुबे, नितिन पटेल, कावेरी सिंधे, महिमा ठाकुर, रिया गृतलहरे, गोकुल दास साहू और डिकेश्वरी साहू ने किया।

प्रैक्टिकल अभ्यास से समझे AI Tools

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को नवीनतम एआई टूल्स और उनके कार्यस्थलीय उपयोग की जानकारी दी गई। व्यावहारिक प्रदर्शन एवं अभ्यास के जरिए प्रतिभागियों ने विभिन्न एआई टूल्स की कार्यप्रणाली को समझा और दैनिक कार्यों में इनके उपयोग की संभावनाओं से परिचित हुए।

कार्यक्रम के समन्वयक के. शिवा ने उद्घाटन सत्र का संचालन किया, जबकि महाप्रबंधक (एचआर-एलएंडडी) सौरभ वार्ष्णेय ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम ने बीएसपी में डिजिटल दक्षता, तकनीकी नवाचार और AI-enabled workplace की दिशा में कर्मचारियों को तैयार करने की प्रतिबद्धता को और मजबूत किया।

 

संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे      https://jantakikalam.com/

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button