bhilai-steel-plantcareerchhattisgarhकैरियरछत्तीसगढ़दुर्गभिलाईरोजगार

युवा हुनर को उद्योग की धार दे रहा BSP का NAPS अप्रेंटिसशिप कार्यक्रम…

भिलाई स्टील प्लांट में अप्रैल से अगस्त तक 615 ट्रेड अप्रेंटिस शामिल, अगस्त में 249 युवाओं ने शुरू किया प्रशिक्षण

भिलाई । भिलाई इस्पात संयंत्र का मानव संसाधन-लर्निंग एवं डेवलपमेंट विभाग (एचआर-एलएंडडी), राष्ट्रीय अप्रेंटिसशिप प्रमोशन स्कीम (एनएपीएस) के अंतर्गत युवा तकनीकी अभ्यर्थियों को उद्योग-उन्मुख प्रशिक्षण एवं व्यावहारिक अनुभव प्रदान कर उनके कौशल विकास को सुदृढ़ कर रहा है। अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण के माध्यम से प्रशिक्षुओं को कक्षा प्रशिक्षण के साथ संयंत्र के शॉप फ्लोर पर कार्य की व्यावहारिक समझ भी प्रदान की जा रही है।युवा हुनर को उद्योग की धार दे रहा BSP का NAPS अप्रेंटिसशिप कार्यक्रम...

बीएसपी में अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण के प्रति युवाओं की बढ़ती भागीदारी के क्रम में अप्रैल से अगस्त 2026 तक कुल 615 ट्रेड अप्रेंटिस शामिल हुए हैं। अगस्त माह में ही 249 अप्रेंटिस ने विभिन्न तकनीकी ट्रेडों में प्रशिक्षण प्रारंभ किया। इनमें सीओपीए, इलेक्ट्रीशियन, फिटर, मोल्डर/फाउंड्रीमैन, डीजल मैकेनिक, आरएसी, एमएलटी एवं वेल्डर शामिल हैं।

एक वर्ष की अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण अवधि के दौरान प्रशिक्षुओं को कक्षा आधारित अध्ययन के साथ औद्योगिक कार्यप्रणाली का प्रत्यक्ष अनुभव प्रदान किया जाता है। बीएसपी में शामिल होने के पश्चात एचआर-एलएंडडी सेंटर में दस्तावेज सत्यापन, कक्षा एवं सुरक्षा प्रशिक्षण तथा मार्गदर्शित संयंत्र भ्रमण के माध्यम से प्रशिक्षुओं को कार्यस्थल के वातावरण, सुरक्षा आवश्यकताओं और एकीकृत इस्पात संयंत्र की संचालन प्रक्रियाओं से परिचित कराया जाता है।

संयंत्र भ्रमण प्रशिक्षुओं के सैद्धांतिक ज्ञान को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इस दौरान प्रशिक्षनार्थी औद्योगिक परिचालन का प्रत्यक्ष अवलोकन कर इस्पात उत्पादन से जुड़ी विभिन्न प्रणालियों, कार्य-पद्धतियों एवं प्रक्रियाओं को समझते हैं तथा संयंत्र में कार्य के दौरान अनुशासन और व्यापक स्वरूप से परिचित होते हैं। वहीं, सुरक्षा प्रशिक्षण के माध्यम से उन्हें सुरक्षित कार्य-पद्धतियों एवं कार्यस्थल पर सुरक्षा के महत्व की व्यावहारिक समझ विकसित होती है।

एनएपीएस के अंतर्गत संचालित अप्रेंटिसशिप कार्यक्रम के माध्यम से एचआर-एलएंडडी, बीएसपी युवा तकनीकी प्रतिभाओं को उद्योग-उन्मुख प्रशिक्षण एवं व्यावहारिक अनुभव प्रदान करते हुए कुशल तकनीकी कार्यबल के निर्माण में योगदान दे रहा है। यह पहल स्किल इंडिया के व्यापक दृष्टिकोण के अनुरूप युवाओं में उद्योग-प्रासंगिक कौशल विकसित करने और उनकी रोजगारपरकता को बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

बीएसपी में अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण एवं ऑनबोर्डिंग प्रक्रिया के सुचारू संचालन में उप महाप्रबंधक (एचआर-एलएंडडी) सुश्री नीरजा शर्मा, एसओ (एचआर-एलएंडडी) श्री स्वतंत्र कुमार एवं टीए (एचआर-एलएंडडी) श्री मनीष कुमार का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

 

संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे      https://jantakikalam.com

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button