रायपुर में कल होगा संविधान गौरव दिवस का भव्य आयोजन, सांसद बृजमोहन अग्रवाल होंगे मुख्य अतिथि…
लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक परंपराओं पर होगा मंथन, जस्टिस (सेवानिवृत्त) डॉ. गौतम भादुड़ी और वरिष्ठ अधिवक्ता जाकिर अली रखेंगे विचार

रायपुर। भारतीय संविधान के गौरव, मूल्यों और सुदृढ़ लोकतांत्रिक परंपराओं के सम्मान में राजधानी रायपुर में 29 नवंबर को संविधान गौरव दिवस का भव्य आयोजन किया जाएगा। मौदहापारा स्थित दुर्गा महाविद्यालय के सभागृह में दोपहर 2:30 बजे से आयोजित इस कार्यक्रम में रायपुर सांसद एवं पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
कार्यक्रम में भारतीय संविधान की विशेषताओं, उसके मूल आदर्शों और वर्तमान परिप्रेक्ष्य में उसकी प्रासंगिकता पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। आयोजन का उद्देश्य नागरिकों को संविधान के प्रति जागरूक करना और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना है।
जस्टिस डॉ. गौतम भादुड़ी और जाकिर अली होंगे मुख्य वक्ता
संविधान गौरव दिवस के कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश जस्टिस डॉ. गौतम भादुड़ी एवं वरिष्ठ अधिवक्ता और सौ कुसुमताई दाबके विधि महाविद्यालय के प्राचार्य जाकिर अली मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे। दोनों वक्ता भारतीय संविधान की विशेषताओं, संवैधानिक व्यवस्था और वर्तमान समय में इसकी प्रासंगिकता पर अपने विचार साझा करेंगे।
विधायक राजेश मूणत सहित जनप्रतिनिधियों की रहेगी उपस्थिति
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक एवं पूर्व मंत्री राजेश मूणत, विधायक सुनील सोनी, विधायक पुरंदर मिश्रा तथा विधायक मोतीलाल साहू विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने की सहभागिता की अपील
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने शहर के प्रबुद्धजनों, अधिवक्ताओं, युवाओं और आम नागरिकों से संविधान गौरव दिवस के आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आत्मा है और इसके आदर्शों को आत्मसात करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपने संवैधानिक अधिकारों और कर्तव्यों को करीब से समझने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम का विवरण:
- आयोजन: संविधान गौरव दिवस
- दिनांक: 29 नवंबर 2026, रविवार
- समय: दोपहर 2:30 बजे
- स्थान: दुर्गा महाविद्यालय सभागृह, मौदहापारा, रायपुर
- मुख्य अतिथि: सांसद बृजमोहन अग्रवाल
इन खबरों का लाभ लेने के लिए अपने परिचितों को फॉरवर्ड करना ना भूलें।



