भिलाई

भिलाई में फुटपाथ पर अवैध कारोबार के खिलाफ निगम की कार्रवाई…

भिलाईनगर। नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने और आम नागरिकों को आवागमन में होने वाली परेशानियों से राहत दिलाने के उद्देश्य से अवैध रूप से सड़क एवं फुटपाथ पर व्यापार करने वालों के खिलाफ लगातार बेदखली अभियान चलाया जा रहा है।

त्योहारी सीजन शुरू होते ही कई स्थानों पर फुटपाथ और सड़क किनारे अवैध रूप से कपड़ों की दुकानें लगाकर व्यापार किया जा रहा था, जिससे सड़क बाधित होने के साथ-साथ राहगीरों और वाहन चालकों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा था। इसी क्रम में गुरुवार को नगर पालिक निगम भिलाई के जोन-3 राजस्व विभाग एवं पुलिस बल की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण कर व्यापार करने वालों के विरुद्ध बेदखली की कार्रवाई की।

अभियान के दौरान सड़क पर फैला सामान हटवाया गया तथा संबंधित व्यापारियों को भविष्य में सार्वजनिक मार्ग पर दुकान नहीं लगाने की सख्त हिदायत दी गई। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक सड़क एवं फुटपाथ पर अवैध रूप से व्यापार करने से यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है, दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ती है और आम नागरिकों को आवाजाही में कठिनाई होती है। इसलिए ऐसे अतिक्रमणों के विरुद्ध नियमित रूप से कार्रवाई जारी रहेगी।

नगर पालिक निगम भिलाई ने सभी व्यापारियों से अपील की है कि वे निर्धारित स्थानों पर ही अपना व्यवसाय संचालित करें तथा सड़क एवं फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त रखने में निगम प्रशासन का सहयोग करें। निगम ने यह भी चेतावनी दी है कि भविष्य में दोबारा सार्वजनिक मार्ग पर अवैध रूप से दुकान लगाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button