गली में खड़ी पिकअप वाहन हटाने के विवाद में मारपीट करने वाली 03 महिला आरोपी गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त लकड़ी का स्टम्प एवं बेस बल्ला जप्त

दुर्ग संक्षिप्त विवरण :
प्रार्थिया पूजा साहू, निवासी दक्षिण डबरापारा, भिलाई-03 द्वारा दिनांक 29.07.2026 को थाना पुरानी भिलाई में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि वह अपने परिवार के साथ कार से घर लौट रही थी। डबरापारा पुल के नीचे गली में एक पिकअप वाहन खड़ा होने के कारण रास्ता अवरुद्ध था। वाहन हटाने के लिए चालक को बुलाने पर विवाद उत्पन्न हो गया।
विवाद के दौरान आरोपीगण एक राय होकर प्रार्थिया के पति निलेश साहू, जेठ तेजराम साहू एवं बीच-बचाव करने आई जेठानी सैलजा साहू के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर मारपीट करने लगे। घटना में आरोपियों द्वारा जैक रॉड सहित अन्य वस्तुओं से हमला किए जाने से पीड़ितों को चोटें आईं।
प्रकरण में अपराध क्रमांक 399/2026 अंतर्गत धारा 109, 296, 115(2), 351(3), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। पूर्व में प्रकरण के 04 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है।
विवेचना के दौरान महिला आरोपियों की संलिप्तता प्रमाणित होने पर उन्हें अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में घटना में सहभागिता स्वीकार करने पर आरोपी अनिता वर्मा के कब्जे से एक लकड़ी का स्टम्प तथा आरोपी जलेश्वरी वर्मा के कब्जे से एक बेस बल्ला जप्त किया गया। तत्पश्चात तीनों महिला आरोपियों को दिनांक 01.08.2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
मॉडस ऑपरेंडी (अपराध करने का तरीका) :
गली में खड़े पिकअप वाहन को हटाने की बात पर हुए विवाद के दौरान आरोपीगण एक राय होकर पीड़ित पक्ष के साथ गाली-गलौज, धमकी एवं मारपीट करते हुए विभिन्न वस्तुओं से हमला किए।
घटना का कारण :
गली में खड़ी पिकअप वाहन को हटाने की बात को लेकर उत्पन्न विवाद।
घटनास्थल :
डबरापारा पुल के नीचे, दक्षिण भिलाई-03, थाना पुरानी भिलाई, जिला दुर्ग।
आरोपी का नाम :
1. श्रीमती अनिता वर्मा, उम्र 35 वर्ष, निवासी बाजार चौक, डबरापारा, दक्षिण भिलाई, थाना पुरानी भिलाई, जिला दुर्ग।
2. श्रीमती सीता वर्मा, उम्र 60 वर्ष, निवासी बाजार चौक, डबरापारा, दक्षिण भिलाई, थाना पुरानी भिलाई, जिला दुर्ग।
3. श्रीमती जलेश्वरी वर्मा, उम्र 25 वर्ष, निवासी बाजार चौक, डबरापारा, दक्षिण भिलाई, थाना पुरानी भिलाई, जिला दुर्ग।
जप्त सामग्री :
1. एक लकड़ी का स्टम्प।
2. एक बेस बल्ला।
सराहनीय भूमिका :
उक्त कार्यवाही में थाना पुरानी भिलाई पुलिस टीम के अधिकारी एवं कर्मचारियों द्वारा त्वरित विवेचना, साक्ष्य संकलन एवं आरोपियों की गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका निभाई गई।
दुर्ग पुलिस की अपील :
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी प्रकार के विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में न लें तथा तत्काल पुलिस को सूचना दें। कानून व्यवस्था भंग करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




