CG Crime: मॉर्निंग वॉक पर निकली बुजुर्ग महिला से 20 ग्राम सोने की चेन लूटी, मां-बेटे निकले झपटमार, पुलिस ने दबोचा

भिलाई: छत्तीसगढ़ के भिलाई में मॉर्निंग वॉक पर निकली एक बुजुर्ग महिला से दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग की वारदात सामने आई है। बाइक पर सवार एक महिला और युवक ने बातों में उलझाकर 70 वर्षीय महिला के गले से करीब 20 ग्राम वजनी सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। हैरानी की बात यह है कि दोनों आरोपी रिश्ते में मां-बेटे हैं।
मॉर्निंग वॉक के दौरान बनाया निशाना
पुलिस के अनुसार घटना 31 जुलाई 2026 की सुबह करीब 6:10 बजे की है। प्रार्थिया उमा देवी (70 वर्ष) अपने घर से कुछ दूरी पर सेक्टर-1, सड़क नंबर-2 में मॉर्निंग वॉक कर रही थीं। इसी दौरान बाइक पर सवार एक महिला और एक युवक उनके पास पहुंचे।
आरोपी महिला ने उमा देवी से कहा कि “लकड़ी से फूल तोड़ दीजिए”, जिससे उनका ध्यान भटक गया। इसी दौरान महिला ने उनके गले से करीब 20 ग्राम वजनी सोने की चेन, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई है, झपट ली। वारदात के बाद दोनों आरोपी बाइक से मौके से फरार हो गए।
तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
पीड़िता की शिकायत पर थाना भिलाई भट्ठी में अपराध क्रमांक 97/2026 के तहत बीएनएस की धारा 304(2) एवं 3(5) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की और उन्हें पुलिस अभिरक्षा में ले लिया।
मां-बेटे निकले चेन स्नैचर
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किए गए आरोपी रिश्ते में मां और बेटा हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई—
- जी. गौतम (20 वर्ष), पिता ईश्वर, निवासी कैंप-1, शांतिपारा, थाना छावनी, जिला दुर्ग।
- जे. पार्वती (48 वर्ष), पति ईश्वर, निवासी कैंप-1, शांतिपारा, थाना छावनी, जिला दुर्ग।
चोरी की चेन और बाइक की बरामदगी की कार्रवाई जारी
पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। उनके कब्जे से छीनी गई सोने की चेन और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद करने की कार्रवाई जारी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि दोनों किसी अन्य चेन स्नैचिंग की घटनाओं में शामिल रहे हैं या नहीं।




