दुर्ग

भिलाई इस्पात संयंत्र ने रचा नया इतिहास, टीएलसी-207 ने 2,534 हीट्स की रिकॉर्ड लाइफ हासिल की…

सेल- भिलाई इस्पात संयंत्र ने परिचालन उत्कृष्टता एवं तकनीकी दक्षता के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए टॉरपीडो लैडल कार (टीएलसी)- 207 में 2,534 हीट्स की रिकॉर्ड लाइफ हासिल की है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के उपलक्ष्य में 29 जुलाई 2026 को डब्ल्यूबी-16 के कॉन्फ्रेंस हॉल में एक समारोह आयोजित किया गया।

यह उपलब्धि भिलाई इस्पात संयंत्र में किसी भी टॉरपीडो लैडल द्वारा अब तक प्राप्त की गई सर्वाधिक लाइफ है, जो विभिन्न विभागों के उत्कृष्ट समन्वय, अनुशासित परिचालन एवं प्रभावी रिफ्रैक्ट्री अनुरक्षण का परिणाम है। इस अवसर पर कार्यपालक निदेशक (संकार्य) राकेश कुमार, मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (सर्विसेज)  तुषार कांत, मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (एम एंड यू)  बिजय कुमार बेहेरा, मुख्य महाप्रबंधक (ब्लास्ट फर्नेस)  मनोज कुमार, महाप्रबंधक (एसएमएस-2) सुशांत कुमार घोषाल, मुख्य महाप्रबंधक (एसएमएस-3)  त्रिभुवन बैठा, मुख्य महाप्रबंधक (रिफ्रैक्ट्री)  प्रोसेनजीत दास सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, आरईडी एवं ब्लास्ट फर्नेस की टीम तथा संयंत्र के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में कार्यपालक निदेशक (संकार्य)  राकेश कुमार ने इस उपलब्धि के लिए सभी संबंधित टीमों को बधाई देते हुए कहा कि विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय, तकनीकी दक्षता एवं टीम भावना ही ऐसी उल्लेखनीय सफलताओं का आधार है। उन्होंने सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लागत में कमी, परिचालन उत्कृष्टता तथा भविष्य में और अधिक ऊँचे मानक स्थापित करने की दिशा में निरंतर प्रयास करते रहने का आह्वान किया।

टीएलसी-207 की इस उल्लेखनीय उपलब्धि में रिफ्रैक्ट्री इंजीनियरिंग विभाग (आरईडी), ब्लास्ट फर्नेस (बीएफ), ट्रैफिक एंड डिस्पैच (टी एंड डी) तथा एसएमएस-3 के बीच बेहतर समन्वय एवं टीमवर्क की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

टीएलसी-207 के परिचालन को मुख्य महाप्रबंधक (ब्लास्ट फर्नेस)  मनोज कुमार के मार्गदर्शन में उत्कृष्ट रूप से संचालित किया गया। इस कार्य में सहायक महाप्रबंधक (ब्लास्ट फर्नेस) पी. आर. अजयन तथा वरिष्ठ प्रबंधक (ब्लास्ट फर्नेस)  दिनेश राव ने बेहतर परिचालन पद्धतियों को निरंतर बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

रिफ्रैक्ट्री अनुरक्षण एवं तकनीकी सुधार संबंधी कार्य मुख्य महाप्रबंधक (रिफ्रैक्ट्री) प्रोसेनजीत दास के मार्गदर्शन में संपन्न हुए। टॉरपीडो लैडल रिफ्रैक्ट्री अनुरक्षण का नेतृत्व सहायक महाप्रबंधक (आरईडी) एवं सेक्शन इंचार्ज (टीएलआरएस)  मोहम्मद साबिर ने किया। वहीं, सहायक महाप्रबंधक (आरईडी) जे. आर. मारकंडे तथा उप प्रबंधक (आरईडी)  हर्ष वर्धन सिंह ने संबंधित एजेंसी की टीम के साथ समन्वय स्थापित करते हुए तकनीकी नवाचार एवं कार्य निष्पादन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button