स्कूल विद्यार्थियों से मारपीट, गाली-गलौज एवं डराकर पैसे मांगने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, दो अपचारी बालक अभिरक्षा में

दुर्ग संक्षिप्त विवरण :
दिनांक 13.07.2026 को रात्रि लगभग 20:40 बजे प्रार्थी मोहम्मद शब्बीर, निवासी खुर्सीपार, द्वारा थाना उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि खुर्सीपार क्षेत्र के कुछ युवक स्कूल आने-जाने वाले विद्यार्थियों को रोककर परेशान करते हैं, उनके साथ मारपीट एवं गाली-गलौज करते हैं तथा शराब पीने के लिए पैसों की मांग करते हैं। पैसे नहीं देने पर विद्यार्थियों के साथ मारपीट कर उन्हें भयभीत किया जाता है।
प्राप्त शिकायत के आधार पर थाना खुर्सीपार में अपराध क्रमांक 273/2026 पंजीबद्ध कर धारा 119(1), 296, 351(3), 115(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत विवेचना प्रारंभ की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना खुर्सीपार पुलिस द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए स्कूल समय में घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्र में पूछताछ की गई। प्रार्थी एवं पीड़ित विद्यार्थियों से आरोपियों की पहचान कराई गई, जिसमें युवराज साहू एवं शेखर गुप्ता की पहचान हुई।
पूछताछ में अपराध स्वीकार करने पर दोनों आरोपियों को दिनांक 14.07.2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया। उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा प्राप्त होने पर जेल भेजा गया। प्रकरण में संलिप्त दो अपचारी बालकों के विरुद्ध पृथक से किशोर न्याय अधिनियम के अनुसार वैधानिक कार्यवाही की गई।
मॉडस ऑपरेंडी (अपराध करने का तरीका) :
आरोपी स्कूल आने-जाने वाले विद्यार्थियों को सुनसान स्थान पर रोककर उनके साथ गाली-गलौज एवं मारपीट करते थे तथा शराब पीने के लिए पैसों की मांग करते थे। विरोध करने पर विद्यार्थियों को डराकर धमकाया जाता था।
घटनास्थल :
मदनी मस्जिद के पास, मदरसा जोन-02, खुर्सीपार, भिलाई।
आरोपी का नाम :
1. युवराज साहू, उम्र 19 वर्ष, निवासी डॉ. राजेन्द्र प्रसाद नगर, खुर्सीपार, भिलाई।
2. शेखर गुप्ता, उम्र 21 वर्ष, निवासी एच.सी.एल. कॉलोनी, तेलहा नाला के पास, नंबर-04, खुर्सीपार, भिलाई।
3. 02 अपचारी बालक।
जप्त सामग्री :
1. 02 मोटर सायकल।
2. 01 नग लकड़ी का हॉकी स्टिक।
सराहनीय भूमिका :
उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी खुर्सीपार निरीक्षक लक्ष्मण केवट एवं थाना खुर्सीपार के समस्त पुलिस स्टाफ की त्वरित एवं प्रभावी भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस की अपील :
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों, पालकों एवं विद्यार्थियों से अपील करती है कि यदि किसी भी प्रकार की मारपीट, धमकी, वसूली, गाली-गलौज अथवा अन्य आपराधिक गतिविधि की जानकारी मिले तो तत्काल निकटतम पुलिस थाना अथवा पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें। विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




