छत्तीसगढ़रायपुर

दृष्टिबाधित विद्यार्थियों के लिए ऑडियो शिक्षा की पहल, छत्तीसगढ़ की टीम ने रचा विश्व रिकॉर्ड…

राज्यपाल रमेन डेका ने वर्ल्ड ऑडियो बुक टीम को किया सम्मानित, 11 हजार ऑडियो बुक्स के लक्ष्य से समावेशी शिक्षा को मिल रही नई दिशा

रायपुर । दृष्टिबाधित विद्यार्थियों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए तकनीक आधारित पहल को छत्तीसगढ़ में नई पहचान मिली है। वर्ल्ड ऑडियो बुक टीम छत्तीसगढ़ का नाम गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज होने पर राज्यपाल रमेन डेका ने टीम के सदस्यों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

राज्यपाल ने कहा कि दृष्टिबाधित विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री आसानी से उपलब्ध कराने के लिए अभी और प्रयास करने की जरूरत है। उन्होंने तकनीक के माध्यम से शिक्षा को विद्यार्थियों तक पहुंचाने के टीम के प्रयास को सराहनीय और अनुकरणीय बताया।

लोक भवन में टीम से मुलाकात, सदस्यों का सम्मान

राज्यपाल रमेन डेका से वर्ल्ड ऑडियो बुक टीम छत्तीसगढ़ के सदस्यों ने लोक भवन में सौजन्य भेंट की। इस दौरान उन्होंने टीम के सभी सदस्यों को उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में टीम की उपलब्धि दर्ज होने पर राज्यपाल ने सभी सदस्यों को बधाई दी और भविष्य में इस अभियान को और व्यापक स्तर पर ले जाने की शुभकामनाएं दीं।

1,800 से ज्यादा ऑडियो बुक्स तैयार कर चुकीं शारदा

वर्ल्ड ऑडियो बुक टीम दृष्टिबाधित और सामान्य विद्यार्थियों के लिए 11 हजार से अधिक ऑडियो बुक्स तैयार करने की दिशा में काम कर रही है। इस अभिनव अभियान की शुरुआत 5 अक्टूबर 2024 को राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षिका के. शारदा के नेतृत्व में हुई थी।

के. शारदा स्वयं अब तक 1,800 से अधिक ऑडियो बुक्स तैयार कर चुकी हैं। उनके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के 30 शिक्षक-शिक्षिकाएं अपने नियमित शैक्षणिक दायित्वों के साथ ऑडियो अध्ययन सामग्री तैयार करने में योगदान दे रहे हैं।

समान अवसर से आत्मनिर्भरता की राह

राज्यपाल ने कहा कि शिक्षा का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचना चाहिए। दृष्टिबाधित विद्यार्थियों के लिए ऑडियो माध्यम से अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराना उन्हें शिक्षा के समान अवसर देने के साथ आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रयासों को और विस्तार देने की आवश्यकता है, ताकि अधिक से अधिक दृष्टिबाधित विद्यार्थी तकनीक आधारित अध्ययन सामग्री का लाभ उठा सकें।

8 लाख से अधिक बार देखा गया ऑडियो बुक चैनल

वर्ल्ड ऑडियो बुक चैनल पर 107 से अधिक प्लेलिस्ट उपलब्ध हैं और इसे अब तक 8 लाख से अधिक बार देखा जा चुका है। टीम द्वारा विद्यार्थियों के लिए पाठ्यक्रम आधारित और उपयोगी अध्ययन सामग्री तैयार की जा रही है।

इस अवसर पर गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की छत्तीसगढ़ हेड डॉ. सोनल राजेश शर्मा सहित वर्ल्ड ऑडियो बुक टीम के सभी सदस्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button