सिन्टरिंग प्लांट-3 के एरिया रिपेयर शॉप में पुनरुद्धारित एचएमटी ड्रिलिंग मशीन का पुनः संचालन प्रारंभ

सेल- भिलाई इस्पात संयंत्र के सिन्टरिंग प्लांट-3 (एसपी-3) के एरिया रिपेयर शॉप में वर्षों से निष्क्रिय पड़ी एचएमटी निर्मित ड्रिलिंग मशीन (मॉडल आरएम-62) का सफलतापूर्वक पुनरुद्धार कर पुनः संचालन प्रारंभ किया गया। दिनांक 24 जून 2026 को आयोजित कार्यक्रम में मुख्य महाप्रबंधक (एसपी-3 एवं ओएचपी) सजीव वर्गीज, महाप्रबंधक (मार्स-1) डी. जगदीश, महाप्रबंधक प्रभारी (एसपी-3) राहुल बिजुरकर तथा महाप्रबंधक (मैकेनिकल, एसपी-3) आई. वी. रमणा की उपस्थिति में मशीन का लोकार्पण किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित वरिष्ठ अधिकारियों ने परियोजना से जुड़े सभी विभागों एवं कर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि आंतरिक संसाधनों, तकनीकी दक्षता एवं समन्वित टीमवर्क के माध्यम से मशीन का पुनरुद्धार आत्मनिर्भरता तथा संसाधनों के प्रभावी उपयोग का उत्कृष्ट उदाहरण है।
उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार की परिसंपत्ति पुनर्स्थापन पहलों को प्रोत्साहित करने पर बल दिया। उल्लेखनीय है कि यह मशीन वर्ष 2017 से विभिन्न यांत्रिक, विद्युत एवं हाइड्रोलिक खराबियों के कारण बंद पड़ी थी। आवश्यक स्पेयर्स एवं तकनीकी दस्तावेजों की अनुपलब्धता के कारण इसका संचालन संभव नहीं हो पा रहा था।
मशीन की उपयोगिता को ध्यान में रखते हुए एसपी-3 की बहु-विभागीय टीम ने आंतरिक तकनीकी विशेषज्ञता एवं विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों से इसके व्यापक पुनरुद्धार का कार्य संपन्न किया। पुनरुद्धार कार्य के दौरान क्षतिग्रस्त यांत्रिक पुर्जों का निर्माण मार्स-1 मशीन शॉप में महाप्रबंधक (मार्स-1) डी. जगदीश एवं इंजीनियरिंग एसोसिएट हेमंत वानखेड़े के मार्गदर्शन में किया गया।
मूल विद्युत परिपथ आरेख उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में मानव संसाधन विकास केंद्र (एचआरडीसी) के प्रशिक्षण अनुभाग से ए. के. तिवारी द्वारा आवश्यक तकनीकी दस्तावेज उपलब्ध कराए गए। मशीन की विद्युत प्रणाली को महाप्रबंधक (विद्युत, एसपी-3) एस. एस. मौरी, उप महाप्रबंधक (विद्युत, एसपी-3) दीपक कुमार गुप्ता तथा सहायक महाप्रबंधक (विद्युत, एसपी-3) एस. सी. साहू के नेतृत्व में पुनर्स्थापित किया गया।
वहीं मशीन की हाइड्रोलिक प्रणाली का व्यापक पुनरुद्धार स्नेहन दल द्वारा सहायक प्रबंधक (एसपी-3) अशोक राव ठाकरे के नेतृत्व में किया गया। परियोजना के दौरान मार्स-1, एचआरडीसी तथा एसपी-3 के मैकेनिकल एवं इलेक्ट्रिकल विभागों की अनुरक्षण टीमों ने तकनीकी मार्गदर्शन एवं क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
इस परियोजना के सफल निष्पादन में उप महाप्रबंधक (एसपी-3) एम. यू. राव, वरिष्ठ प्रबंधक (एसपी-3) जितेश एच. शाहनी, वरिष्ठ प्रबंधक (एसपी-3) विपिन मौर्य तथा सहायक महाप्रबंधक (विद्युत, एसपी-3) राजेश साहू के नेतृत्व में मैकेनिकल मेंटेनेंस प्लानिंग एवं एरिया रिपेयर शॉप की टीमों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
ड्रिलिंग मशीन के पुनः संचालन से एरिया रिपेयर शॉप की मशीनिंग एवं फैब्रिकेशन क्षमताओं को और सुदृढ़ता प्राप्त होगी। इसके माध्यम से ड्रिलिंग कार्यों के निष्पादन में तेजी आएगी, अनुरक्षण कार्यों हेतु आवश्यक स्पेयर्स का आंतरिक निर्माण अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा तथा विशेष ड्रिलिंग कार्यों के लिए केंद्रीय इंजीनियरिंग शॉप्स पर निर्भरता में कमी आएगी।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे



