
सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय एवं अनुसंधान केंद्र (जेएलएनएच एंड आरसी), सेक्टर-9 के ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. दीपक कुमार दासमहापात्र को ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन एवं इम्यूनोहेमेटोलॉजी के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर सम्मानित किया गया। उन्हें छत्तीसगढ़ के माननीय राज्यपाल एवं दुर्ग जिला प्रशासन के कलक्टर द्वारा औपचारिक रूप से एक समारोह में सम्मानित किया गया।
डॉ. दासमहापात्र के मार्गदर्शन में जेएलएनएच एंड आरसी ब्लड सेंटर ने गुणवत्ता, सुरक्षा एवं आधुनिक रक्ताधान सेवाओं के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धियां अर्जित की हैं। यह क्षेत्र का एकमात्र ब्लड सेंटर है जिसे राष्ट्रीय प्रत्यायन बोर्ड फॉर हॉस्पिटल्स एंड हेल्थकेयर प्रोवाइडर्स (एनएबीएच) की मान्यता प्राप्त है।
यह मान्यता ब्लड सेंटर सेवाओं में गुणवत्ता प्रबंधन एवं रोगी सुरक्षा के उच्च मानकों के अनुपालन को दर्शाती है। ब्लड सेंटर में न्यूक्लिक एसिड टेस्टिंग (एनएटी) जैसी उन्नत तकनीक भी उपलब्ध है, जिसके माध्यम से रक्तजनित संक्रमणों की पहचान अधिक प्रभावी ढंग से की जा सकती है। इस तकनीक के उपयोग से रक्त की सुरक्षा एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण सहायता प्राप्त हो रही है।
डॉ. दासमहापात्र के नेतृत्व में ब्लड सेंटर द्वारा निरंतर चिकित्सा शिक्षा (सीएमई) कार्यक्रमों, कार्यशालाओं एवं वैज्ञानिक संगोष्ठियों का आयोजन किया जाता रहा है। इन आयोजनों के माध्यम से ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन से जुड़े विशेषज्ञों, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को नवीनतम तकनीकी एवं वैज्ञानिक जानकारियों से अवगत कराया जाता है।
डॉ. दासमहापात्र चिकित्सा साहित्य के क्षेत्र में भी सक्रिय रहे हैं। उनकी पुस्तक “क्वालिटी मैनेजेमेंट इन ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन एंड एसओपी ऑफ ब्लड सेंटर” को राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक सराहना प्राप्त हुई है तथा यह पुस्तक रक्ताधान सेवाओं एवं गुणवत्ता प्रबंधन से जुड़े स्वास्थ्य पेशेवरों के लिए एक उपयोगी संदर्भ ग्रंथ के रूप में स्थापित हुई है।
अस्पताल प्रबंधन ने इस उपलब्धि पर डॉ. दीपक कुमार दासमहापात्र को बधाई देते हुए इसे संस्थान की गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं, सुरक्षित ब्लड सेंटर प्रणाली तथा जनस्वास्थ्य के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया है।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




