
भिलाईनगर। नगर पालिक निगम भिलाई के जोन-4 अंतर्गत नंदिनी रोड, ग्रुप-ए, भूखण्ड क्रं. 02 के पूर्व दिशा में उत्पल घोष द्वारा व्यवसाय के लिए किए गए अवैध कब्जे को नगर पालिक निगम ने हटाया। निगम को इस संबंध में शिकायत मिली थी कि उक्त स्थल पर निर्माणकर्ता द्वारा आवागमन बाधित कर व्यवसाय संचालित किया जा रहा है।
नगर पालिक निगम को जानकारी मिला कि निर्माणकर्ता को पहले भी माननीय उच्च न्यायालय, बिलासपुर के द्वारा पारित आदेश का पालन करते हुए अवैध संरचना हटाने के लिए कई बार नोटिस और अंतिम सूचना जारी की गई थी, लेकिन उन्होंने किसी भी प्रकार की कार्रवाई नहीं की।
इस पर निगम आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देशानुसार जोन-4 के राजस्व विभाग, बेदखली टीम एवं थाना छावनी के पुलिस बल की मौजूदगी में स्थल पर कब्जा हटाने की कार्रवाई की गई। निगम अधिकारियों ने बताया कि अब नंदिनी रोड पर आवागमन बाधित करने वाला अवैध कब्जा पूरी तरह से हटाया जा चुका है और व्यापारियों एवं आम जनता के लिए मार्ग अब खुला है।
नगर पालिक निगम ने जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार के अवैध निर्माण या कब्जे की सूचना तुरंत निगम को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। बेदखली कार्रवाई के दौरान जोन आयुक्त अमरनाथ दुबे, कार्यपालन अभियंता संजय वर्मा, सहायक राजस्व अधिकारी बालकृष्ण नायडू, जोन स्वास्थ्य अधिकारी हेमंत मांझी, बेदखली सहायक हरिओम गुप्ता सहित अन्य कर्मचारीगण उपस्थित रहे।




