madhya-pradeshमध्यप्रदेश

बाढ़ से राहत और बचाव के संबंध में आवश्यक प्रबंध करें- कमिश्नर योग दिवस पर हर व्यक्ति की भागीदारी सुनिश्चित करें – कमिश्नर

रीवा संभाग के कमिश्नर बीएस जामोद ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से संभाग के सभी कलेक्टर्स को निर्देश दिए। कमिश्नर ने कहा कि कलेक्टर्स बाढ़ से राहत और बचाव के संबंध में आवश्यक प्रबंध कर लें। राहत शिविरों के लिए स्थान निर्धारित कर लें। बाढ़ और अतिवृष्टि के समय प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल, बिजली, खाद्यान्न और दवाओं की आपूर्ति के लिए प्रबंध करें।

सभी जिलों में 15 जून तक जिला और विकासखण्ड स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित करके इसे 24 घंटे सक्रिय रखें। नगरीय निकायों में अभियान चलाकर सभी बड़े नालों की साफ-सफाई कराएं तथा इनमें से अवैध कब्जे हटाएं। कमिश्नर ने कहा कि 12 से 18 जून तक विकासखण्ड स्तर और नगरीय निकायों में तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर लगाए जाएंगे।

इन शिविरों के लिए नोडल अधिकारी तैनात कर दें। शिविर में विभिन्न हितग्राही मूलक योजनाओं के छूटे हुए हितग्राहियों का पंजीयन करके उन्हें योजना से लाभान्वित करें। शिविर में सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों की भी सुनवाई करके निराकरण कराएं। इसमें सौ दिन से अधिक समय से लंबित सभी प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करें।

शिविर में प्राप्त होने वाले आवेदन पत्रों का भी शत-प्रतिशत निराकरण कराएं। गेंहू उपार्जन का कार्य पूरा हो गया है। खरीदी केन्द्रों में शेष बचे गेंहू का दो दिवस में शत-प्रतिशत परिवहन कराकर सुरक्षित भण्डारण कराएं। खाद्य नियंत्रक रीवा गेंहू परिवहन के लिए सतना और मैहर जिलों को अतिरिक्त ट्रक उपलब्ध कराएं। विश्व पर्यावरण दिवस पर शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में वृक्षारोपण के कार्यक्रम आयोजित करें।

वर्षाकाल में संभाग के तीनों नगर निगम क्षेत्रों तथा सभी विकासखण्डों में एक-एक लाख पौधे रोपित करने की अभी से तैयारी करें।कमिश्नर ने कहा कि विश्व योग दिवस पर अधिक से अधिक व्यक्तियों की भागीदारी सुनिश्चित करें। जिला स्तरीय कार्यक्रम में कम से कम तीन हजार व्यक्तियों की भागीदारी रहे।

विश्व योग दिवस के सामूहिक योगाभ्यास में जनप्रतिनिधियों, खिलाड़ियों, गणमान्य नागरिकों, विद्यार्थियों, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा आमजनता को शामिल करें। जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों में भी सामूहिक योगाभ्यास के कार्यक्रम कराएं। सभी शिक्षण संस्थाओं को भी इस कार्यक्रम से जोड़ें।

कमिश्नर ने कहा कि वनाधिकार अधिनियम के तहत सभी अमान्य दावों का परीक्षण करके इनका 15 दिवस में निराकरण कराएं। बैठक में कमिश्नर ने पेयजल व्यवस्था, शहरी क्षेत्रों में साफ-सफाई तथा वृक्षारोपण की तैयारी के संबंध में निर्देश दिए।

वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में प्रभारी कलेक्टर रीवा अक्षत जैन, कलेक्टर सतना सतीश कुमार एस, कलेक्टर मैहर बिदिशा मुखर्जी, कलेक्टर सीधी विकास मिश्रा, कलेक्टर सिंगरौली गौरव बैनल, कलेक्टर मऊगंज संजय कुमार जैन तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे

https://jantakikalam.com 

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button