अप्रेंटिस प्रतिभाओं ने दिखाया हुनर, वैभव लक्ष्मी दुबे बनीं ‘बीएमडीसी प्राइड’…
कावेरी सिंधे प्रथम और महिमा ठाकुर द्वितीय उपविजेता, प्रदर्शन के साथ आत्मविश्वास और नवाचार की हुई परख

भिलाई। भिलाई प्रबंधन विकास केंद्र (BMDC) ने ट्रेड अप्रेंटिस के बीच सीखने, नवाचार, आत्मविश्वास और व्यावसायिक विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘बीएमडीसी प्राइड प्रतियोगिता’ के द्वितीय संस्करण का आयोजन किया।
प्रतियोगिता ने ट्रेड अप्रेंटिस को बीएमडीसी में अपने कार्यकाल के दौरान किए गए कार्यों, अर्जित ज्ञान और योगदान को प्रस्तुत करने का मंच प्रदान किया। इसके माध्यम से ज्ञान साझा करने, कौशल विकास और प्रदर्शन आधारित सहभागिता को प्रोत्साहित किया गया।
प्रत्येक चक्र के विजेता को ‘बीएमडीसी प्राइड’ की उपाधि के साथ चलित प्राइड बैज — Performance, Responsibility and Initiative in Development Excellence, प्रमाण-पत्र एवं उपहार प्रदान किए जाते हैं।
वैभव लक्ष्मी दुबे ने जीता खिताब
प्रतियोगिता के द्वितीय संस्करण में वैभव लक्ष्मी दुबे ने विजेता बनकर ‘बीएमडीसी प्राइड’ की प्रतिष्ठित उपाधि हासिल की। कावेरी सिंधे प्रथम उपविजेता और महिमा ठाकुर द्वितीय उपविजेता रहीं।
प्रतियोगिता का मूल्यांकन निर्णायक मंडल ने किया। इसमें उप महाप्रबंधक (A&D) स्वाति प्रदीप, सहायक महाप्रबंधक (SP-3) अरुणेश शर्मा एवं उप प्रबंधक (PRD) शालिनी चौरसिया शामिल थीं।
प्रतिभागियों का आकलन नवाचार, सीख, कार्य निष्पादन, ज्ञान साझाकरण, प्रस्तुतीकरण कौशल और आत्मविश्वास जैसे विभिन्न मानकों पर किया गया।
युवा प्रतिभाओं को मिला मंच
पुरस्कार वितरण समारोह में विजेता एवं उपविजेताओं को उनके प्रदर्शन और योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन के. शिवा ने किया।
प्रतियोगिता ने ट्रेड अप्रेंटिस को अपनी क्षमताएं प्रदर्शित करने, अनुभव साझा करने और आत्मविश्वास विकसित करने का अवसर दिया। बीएमडीसी प्राइड का यह संस्करण युवा प्रतिभाओं के विकास तथा सीखने एवं उत्कृष्टता की संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा।
प्रतियोगिता की परिकल्पना महाप्रबंधक (HR-L&D) सौरभ वर्ष्णेय ने की थी। इसे विभागाध्यक्ष एवं महाप्रबंधक प्रभारी (HR-L&D) संजीव कुमार श्रीवास्तव का अनुमोदन एवं आवश्यक सहयोग प्राप्त हुआ।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे https://jantakikalam.com/





