chhattisgarhछत्तीसगढ़भिलाई

रिफ्रैक्ट्री इंजीनियरिंग विभाग में राजभाषा कार्यशाला का आयोजन…

भिलाई इस्पात संयंत्र के रिफ्रैक्ट्री इंजीनियरिंग विभाग (आर.ई.डी.) के कॉन्फ्रेंस हॉल में दिनांक 15 मई 2026 को विभागीय राजभाषा कार्यशाला का आयोजन मुख्य महाप्रबंधक (आर.ई.डी.) श्री प्रोसेनजीत दास के मुख्य आतिथ्य में किया गया। कार्यशाला में विभाग के विभिन्न कार्यस्थलों से आए कार्मिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य विभागीय कार्यालयीन कार्यों एवं प्रशासनिक संचार में हिंदी के प्रयोग को प्रोत्साहित करना था।

आरंभ में सहायक महाप्रबंधक एवं विभागीय राजभाषा अधिकारी (आर.ई.डी.) श्री राकेश सिंह ठाकुर ने स्वागत उद्बोधन एवं विभागीय प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि रिफ्रैक्ट्री इंजीनियरिंग विभाग (आर.ई.डी.) में शत-प्रतिशत पत्राचार हिंदी में किया जाता है। राजभाषा विभाग के आयोजनों में आर.ई.डी. के कार्मिकों की नियमित रूप से प्रतिभागिता रहती है व विभाग द्वारा हिंदी में संपूर्ण कार्यालयीन कामकाज की दिशा में सतत प्रयास किए जा रहे हैं।

मुख्य अतिथि श्री प्रोसेनजीत दास ने अपने उद्बोधन में कहा कि आर.ई.डी. ने भिलाई इस्पात संयंत्र की कार्यसंस्कृति के अनुरूप सदैव ही निष्पादन के सभी क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है, राष्ट्रीय दायित्वों के निर्वहन में आर.ई.डी. हमेशा ही समर्पित रहा है, हिंदी में संपूर्ण कार्यालयीन कार्य करना हमारा राष्ट्रीय दायित्व है, हम इसके प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध एवं निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने इस प्रेरणादायक, ज्ञानवर्धक कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए राजभाषा विभाग व पूरी टीम को बधाई दी।

रिफ्रैक्ट्री इंजीनियरिंग विभाग में राजभाषा कार्यशाला का आयोजन...

उप महाप्रबंधक (आर.ई.डी.) श्री इन्द्रदीप चटर्जी ने कर्मचारियों को दैनिक कार्यों में अधिकाधिक हिंदी अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यशाला की महता प्रतिपादित करते हुए उन्होंने कहा कि वे प्रत्येक कार्यशाला में सम्मिलित होते हैं, परिणामस्वरूप अहिंदीभाषी होने के बावजूद उनकी हिंदी ना केवल बेहतर हो रही है, वरन वे नोटिंग, ड्राफ्टिंग तथा पत्राचार आदि हिंदी में सफलतापूर्वक कर पा रहे हैं। हिंदी का प्रभावी प्रयोग न केवल प्रशासनिक कार्यों को सरल बनाता है, बल्कि कार्यस्थल पर बेहतर संवाद एवं सहभागिता को भी बढ़ावा देता है।

उप प्रबंधक (संपर्क व प्रशासन – राजभाषा) श्री जितेन्द्र दास मानिकपुरी ने गूगल ऑनलाइन वॉइस टाइपिंग का प्रदर्शन किया, जिसके माध्यम से कर्मचारियों को हिंदी में सरल एवं त्वरित टाइपिंग के आधुनिक तरीकों से परिचित कराया गया। उन्होंने हिंदी मुहावरों पर आधारित रोचक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया जो कि कार्यशाला का विशेष आकर्षण रहा। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ इसमें भाग लिया। परिणामों की घोषणा होते ही सभागार तालियों और उत्साह से गूँज उठा। यह गतिविधि कर्मचारियों के लिए सीखने के साथ-साथ मनोरंजन का भी प्रभावी माध्यम बनी। प्रतियोगिता के विजेता इस प्रकार रहे : प्रथम- श्री कमलेश, इंजीनियरिंग एसोसिएट, द्वितीय- श्री राजकुमार वर्मा, चार्जमैन, तृतीय- श्री अविनाश रंजन कश्यप, सांत्वना पुरस्कार- श्री हेमंत कुमार राहुल, इंजीनियरिंग एसोसिएट, श्री राकेश सिंह ठाकुर, सहायक महाप्रबंधक तथा श्री डोमर सिंह ठाकुर, इंजीनियरिंग एसोसिएट।

कार्यक्रम के माध्यम से आधुनिक तकनीक, सहभागिता और सकारात्मक वातावरण के माध्यम से राजभाषा हिंदी के प्रयोग को और अधिक प्रभावी एवं लोकप्रिय बनाने का सन्देश दिया गया। कार्यक्रम का संचालन व धन्यवाद ज्ञापन सहायक महाप्रबंधक एवं विभागीय राजभाषा अधिकारी (आर.ई.डी.) श्री राकेश सिंह ठाकुर ने किया। आयोजन में वरिष्ठ प्रबंधक एवं विभागीय सुरक्षा अधिकारी (आर.ई.डी.) सुश्री फ़िलोमिना एक्का का विशेष योगदान रहा।

संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे

https://jantakikalam.com 

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button