बीएसपी के मानव संसाधन–ज्ञानार्जन एवं विकास केंद्र में में अत्याधुनिक एडवांस्ड इलेक्ट्रिकल लैब का उद्घाटन…

सेल–भिलाई इस्पात संयंत्र के मानव संसाधन–ज्ञानार्जन एवं विकास (एचआर–एलएंडडी) केंद्र में 06 मई 2026 को अत्याधुनिक “एडवांस्ड इलेक्ट्रिकल लैब” का उद्घाटन किया गया। यह पहल कार्यबल की तकनीकी दक्षता, कौशल विकास तथा प्रशिक्षण अधोसंरचना के आधुनिकीकरण को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस अत्याधुनिक इलेक्ट्रिकल लैब का उद्घाटन सेल–भिलाई इस्पात संयंत्र के निदेशक प्रभारी चित्तरंजन महापात्र ने किया। इस अवसर पर कार्यपालक निदेशक (सामग्री प्रबंधन) अजय कुमार चक्रवर्ती, कार्यपालक निदेशक (वित्त एवं लेखा) प्रवीण निगम, कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) पवन कुमार, कार्यपालक निदेशक (परियोजनाएं) प्रबीर कुमार सरकार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी प्रभारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएँ) डॉ विनीता द्विवेदी, महाप्रबंधक प्रभारी (मानव संसाधन–ज्ञानार्जन एवं विकास) संजीव कुमार श्रीवास्तव सहित संयंत्र के मुख्य महाप्रबंधकगण, वरिष्ठ अधिकारीगण एवं विभिन्न विभागों के कर्मचारीगण उपस्थित रहें।
नवस्थापित एडवांस्ड इलेक्ट्रिकल लैब को आधुनिक औद्योगिक प्रशिक्षण प्रणालियों एवं उपकरणों से सुसज्जित किया गया है। इनमें एलटी सर्किट ब्रेकर, थाइरिस्टर टेस्टर, मोटर स्टार्टर पैनल, एसी ड्राइव पैनल, टेल्फर पैनल, पीएलसी पैनल, डायोड टेस्टर तथा स्टार–डेल्टा स्टार्टर सहित विभिन्न उन्नत प्रणालियाँ शामिल हैं।
यह सुविधा इलेक्ट्रिशियन, तकनीशियन एवं अभियंताओं को संयंत्र की जटिल औद्योगिक प्रणालियों से संबंधित उन्नत विद्युत तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करेगी। इस परियोजना की परिकल्पना एवं पहल कार्यपालक निदेशक (परियोजनाएं) प्रबीर कुमार सरकार के मार्गदर्शन में की गई, जिसका उद्देश्य बीएसपी के प्रशिक्षण तंत्र के अंतर्गत उन्नत विद्युत कौशल विकास हेतु समर्पित सुविधा विकसित करना था। लैब के विकास में संयंत्र के नगर सेवा विभाग का भी सक्रिय सहयोग रहा।
इस अवसर पर विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह एडवांस्ड इलेक्ट्रिकल लैब सैद्धांतिक प्रशिक्षण एवं व्यावहारिक दक्षता के बीच की महत्वपूर्ण आवश्यकता को पूरा करेगी तथा उपकरण-आधारित प्रशिक्षण के माध्यम से कर्मियों की तकनीकी क्षमता को और अधिक सुदृढ़ बनाएगी। यह पहल परिचालन सुरक्षा बढ़ाने, उपकरणों के डाउनटाइम को कम करने तथा दीर्घकालिक परिचालन दक्षता में उल्लेखनीय योगदान देने में सहायक सिद्ध होगी।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




