chhattisgarhछत्तीसगढ़भिलाई

भिलाई में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत “रोड सेफ्टी एवं ट्रैफिक रूल्स” थीम पर रंगोली एवं पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन…

भिलाई/ राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा शहीद पार्क, सेक्टर-5 भिलाई में “रोड सेफ्टी एवं ट्रैफिक रूल्स” थीम पर रंगोली एवं पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें 28 विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कुल 196 पेंटिंग एवं 35 रंगोली प्रविष्टियों के माध्यम से सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षा एवं यातायात नियमों के पालन का संदेश रचनात्मक शैली में प्रस्तुत किया।

प्रतिभागियों ने अपने चित्रों एवं रंगोली के माध्यम से हेलमेट के उपयोग, सीट बेल्ट लगाने, ट्रैफिक सिग्नल के पालन, तेज गति से वाहन न चलाने, सुरक्षित ड्राइविंग अपनाने तथा जिम्मेदार नागरिक बनने जैसे विषयों को प्रभावी ढंग से उकेरा। कार्यक्रम के दौरान नुक्कड़ नाटक समूह “स्वयं सिद्धा” द्वारा नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया, जिसमें हेलमेट के अनिवार्य उपयोग, रैश ड्राइविंग से बचने, ट्रिपल सवारी न करने, ड्रिंक एंड ड्राइव न करने तथा अन्य यातायात नियमों के पालन के संबंध में उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों को जागरूक किया गया।

विशेष रूप से अभिभावकों को यह संदेश दिया गया कि वे 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को किसी भी प्रकार का वाहन चलाने की अनुमति न दें, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम किया जा सके। प्रतियोगिता में उपस्थित अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) सुश्री ऋचा मिश्रा द्वारा सभी छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों को संबोधित करते हुए पूर्व में घटित सड़क दुर्घटनाओं के उदाहरण प्रस्तुत किए गए तथा यह बताया गया कि छोटी-सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है।

उन्होंने सभी से यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने, सुरक्षित ड्राइविंग को अपनी आदत में शामिल करने एवं दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। इस आयोजन के माध्यम से छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने, यातायात नियमों के पालन को व्यवहार में उतारने तथा समाज में सुरक्षित यातायात संस्कृति विकसित करने का प्रभावी संदेश दिया गया।

संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे

https://jantakikalam.com

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button