
दुर्ग- सड़क सुरक्षा एवं यातायात अनुशासन को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से दुर्ग ट्रैफिक पुलिस द्वारा ऑपरेशन सुरक्षा के तहत लगातार विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य मद्यपान कर वाहन संचालन, बिना हेलमेट ड्राइविंग, रैश ड्राइविंग एवं अनुचित पार्किंग जैसी जोखिमपूर्ण गतिविधियों पर पूर्ण नियंत्रण स्थापित करना है।
दिनांक 10.10.2025 को पूरे जिले में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान ड्रिंक एंड ड्राइव की गंभीर श्रेणी के मामलों पर कड़ी कार्रवाई करते हुए मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत कुल 40 प्रकरण दर्ज कर वाहनों को जप्त करते हुए न्यायालयीन कार्यवाही हेतु भेजा गया।
इसके अतिरिक्त जिन चालकों द्वारा लगातार यातायात नियमों का उल्लंघन किया जा रहा है तथा जिन पर पूर्व में भी कार्रवाई की जा चुकी है, उनके विरुद्ध लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई की जा रही है। इस क्रम में सितंबर माह में कुल 35 चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। यह कार्रवाई यह दर्शाती है कि ट्रैफिक पुलिस यातायात अनुशासन के प्रति ‘शून्य सहिष्णुता नीति’ अपना रही है।
इसी क्रम में दिनांक 10.10.2025 को जिलेभर में पूरे दिन चलाए गए व्यापक चेकिंग अभियान के दौरान —
• बिना हेलमेट वाहन संचालन पर : 55 प्रकरण
• ड्रिंक एंड ड्राइव पर : 27 प्रकरण
• रैश ड्राइविंग पर : 25 प्रकरण
• नो पार्किंग पर : 24 प्रकरण
• अन्य उल्लंघनों पर : 119 प्रकरण
कुल मिलाकर 350 चालानी कार्यवाहियाँ करते हुए लगभग ₹1,30,000 की राशि वसूल की गई।
ट्रैफिक पुलिस दुर्ग की जनअपील :
सड़क पर सुरक्षा केवल नियमों का पालन करने से ही संभव है। कृपया बिना हेलमेट वाहन न चलाएं, नशे की हालत में ड्राइव न करें, गति सीमा का पालन करें और यातायात पुलिस के निर्देशों का सम्मान करें। आपका सहयोग ही “ऑपरेशन सुरक्षा” को सफल बनाएगा और सड़क दुर्घटनाओं को रोकने की दिशा में एक मजबूत कदम साबित होगा।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




