जनसेवा को बनाया संबल, 140 जरूरतमंदों को सांसद द्वारा मिली 21 लाख रुपये की सहायता…
शिक्षा और उपचार से लेकर लोक संस्कृति तक पहुंची मदद, रामायण-जसगीत व भजन मंडलियों को भी मिला आर्थिक सहयोग

रायपुर । वरिष्ठ भाजपा नेता एवं रायपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने जरूरतमंदों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराते हुए जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम में 140 हितग्राहियों को संस्थागत अनुदान के तहत करीब 21 लाख रुपये की सहायता राशि के चेक वितरित किए गए।
सहायता पाने वालों में शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े व्यक्तिगत हितग्राहियों के साथ-साथ छत्तीसगढ़ की लोक एवं भक्ति परंपरा को आगे बढ़ाने वाली रामायण मंडलियां, भजन मंडलियां और जसगीत मंडलियां भी शामिल रहीं।
शिक्षा और स्वास्थ्य को मिली प्राथमिकता
वितरित सहायता राशि में गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के उपचार तथा मेधावी एवं आर्थिक रूप से जरूरतमंद विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा को प्राथमिकता दी गई। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक सहभागिता को मजबूत करने वाले संस्थानों एवं समूहों को भी आर्थिक सहयोग दिया गया।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि बच्चों का बेहतर भविष्य, जरूरतमंद मरीजों का उपचार और समाज की सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण जनसेवा के महत्वपूर्ण हिस्से हैं।
लोक संस्कृति को आर्थिक मजबूती
छत्तीसगढ़ की लोक कला, संगीत और धार्मिक परंपराओं को सहेजने वाली संस्थाओं को भी सहायता प्रदान की गई। चेक वितरण कार्यक्रम में क्षेत्र की विभिन्न रामायण, भजन और जसगीत मंडलियों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
अग्रवाल ने कहा कि ये मंडलियां केवल धार्मिक गीत-संगीत तक सीमित नहीं हैं, बल्कि सामाजिक एकजुटता, सांस्कृतिक चेतना और संस्कारों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ऐसे समूहों को सहयोग देना लोक परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम है।
हितग्राहियों ने जताया आभार
सहायता राशि प्राप्त करने वाले हितग्राहियों और मंडली प्रतिनिधियों ने सांसद के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य अथवा सामाजिक-सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए जरूरत पड़ने पर उन्हें सहयोग मिला है।
कार्यक्रम में सांसद अग्रवाल ने सभी हितग्राहियों के उत्तम स्वास्थ्य, सुख और समृद्धि की कामना की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनसेवा और विकास से जुड़े प्रयास आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे https://jantakikalam.com/






